खूब तपी दिल्ली; अब तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की बारी, कब से बदलेगा मौसम?
Delhi Heat Wave and Rain Alert: दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। दिल्ली में शनिवार को तापमान 42.8°C तक पहुंच गया। हालांकि, आगे मौसम बदलने की उम्मीद है। दिल्ली के साथ ही एनसीआर में तेज हवाओं और गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है।

Delhi Mausam: दिल्ली में भीषण गर्मी कहर बरपा रही है। शनिवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली के सफदरजंग मानक वेधशाला में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को भी दिल्ली के साथ एनसीआर में भीषण गर्मी से लोग बेहाल नजर आए। इन स्थितियों के जारी रहने के बीच जल्द ही मौसम बदलने का भी अनुमान है।
कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की मानें तो सोमवार को दिल्ली के साथ ही एनसीआर में मौसम का मिलाजुला रुख देखने को मिलेगा। इस दिन छिटपुट आंशिक रूप से बादल नजर आ सकते हैं। दिल्ली के साथ ही एनसीआर में अलग-अलग जगहों पर लू चलने का भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। दोपहर के समय अचानक से मौसम करवट भी ले सकता है। इस दिन गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। दिन के वक्त हवा की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। कभी-कभी यह बढ़कर 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
28 अप्रैल से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने मंगलवार यानी 28 अप्रैल से मौसम के पूर तरह करवट लेने की संभावना है। इस दिन दिल्ली के साथ ही एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे जो बाद में पूरी तरह से छा जाएंगे। मौसम विभाग के अनुसार, 28 और 29 अप्रैल को दिल्ली के साथ ही एनसीआर में दिन में तेज हवाओं और गरज चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखी जा सकती है। 28 और 29 अप्रैल को हवा की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। झोंकों के रूप में यह 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है।
दो मई तक का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, 30 अप्रैल को दिल्ली के साथ ही NCR में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दिन शाम को गरज चमक की भी संभावना है। इसके बाद पहली और 2 मई को दिल्ली-NCR में मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत के अलग-अलग से लेकर छिटपुट इलाकों में लू की स्थिति बनी रहने का अनुमान है। फिर इसमें कमी आएगी। IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी भारत में 28 अप्रैल से 2 मई के बीच, मध्य भारत में 27 से 30 अप्रैल के बीच आंधी बारिश वाला मौसम रह सकता है।




साइन इन