दिल्ली सीलमपुर अग्निकांड: 24 घंटे बाद भी सुलग रही अंसारी बिल्डिंग, करोड़ों स्वाहा
दिल्ली के सीलमपुर की अंसारी बिल्डिंग में रविवार शाम लगी भीषण आग सोमवार रात तक नहीं बुझ पाई। संकरी गलियों के कारण बचाव कार्य में बाधा आई और करोड़ों का कपड़ा जलकर खाक हो गया। इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग से आग लगने की आशंका है।

दिल्ली के शाहदरा जिले के कृष्णा नगर स्थित पुराने सीलमपुर इलाके में रविवार शाम को अंसारी बिल्डिंग में आग लग गई। आग की चपेट में आने से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लेकिन रविवार शाम को बिल्डिंग में लगी आग को सोमवार देर रात तक भी पूरी तरह से बुझाया नहीं जा सका था। संकरी गलियों के कारण आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दमकल की 100 से ज्यादा गाड़ियां अब तक मौके पर भेजी जा चुकी हैं।
रह-रहकर धधक रही आग
दमकलकर्मी का कहना है कि आग पर काबू पाने के बाद भी कपड़ों में रह-रहकर आग लग जाती है। भूतल पर बनी दुकानों के शटर काटकर उनमें पानी डाला जा रहा है। उस पर गलियां संकरी होने की वजह से दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी परेशानी हो रही है। सोमवार शाम बिल्डिंग के अंदर की एक दीवार भी ढह गई।
भेजी जा चुकी हैं दमकल की 100 गाड़ियां
इमारत में स्थित करीब डेढ़ दर्जन दुकानें व गारमेंट फैक्टरी के इसके चपेट में आने से कारोबारियों का करोड़ों रुपये का सामान जलकर खाक हो चुका है। सोमवार देर रात तक दमकल की करीब 100 गाड़ियों को आग बुझाने के लिए भेजा जा चुका था। इसके अलावा लगातार गाड़ियों का आना जाना जारी था। खबर लिखे जाने के दौरान मौके पर करीब 10 से ज्यादा गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई थीं।
खाली कराई गई आसपास की इमारतें
एहतियातन इमारत के आसपास की इमारतों को खाली करा लिया गया है। शुरुआती जांच के बाद इमारत के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में चार्जिंग के दौरान आग लगने से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आग की वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। मौके पर सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल भी तैनात है।
चार मंजिलों पर कई गारमेंट फैक्टरियां
पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम करीब 4.22 बजे शांति मोहल्ला, पुराने सीलमपुर इलाके के अंसारी बिल्डिंग में आग की सूचना मिलने के बाद दमकल की आधा दर्जन गाड़ियां भेजी गईं। करीब 800 गज के प्लॉट में बनी इमारत के भूतल पर दुकानें बनी हुई थीं और इनमें कपड़ों शोरूम थे। वहीं ऊपर की चार मंजिलों पर कई गारमेंट फैक्टरी मौजूद थीं।
आग पर पूरी तरह काबू पाने में लगेगा समय
आग लगने के बाद धीरे-धीरे पूरी इमारत को चपेट में ले लिया। रविवार देर रात आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रहा। दमकलकर्मियों का कहना है कि अभी आग पर पूरी तरह काबू पाने में समय लग जाएगा क्योंकि आग पर काबू पाने के बाद भी कपड़ों से धुआं निकल रहा था। इसके बाद उसमें कभी भी रह-रहकर आग लग जाती है। भूतल पर बनी दुकानों के शटर काटकर उनमें पानी डाला जा रहा है। दमकलकर्मी आग को इमारत में रोककर बुझाने में जुटे हुए हैं।




साइन इन