दिल्ली धमाका मामले में नया मोड़; हुंडई i20 के साथ थी एक और लाल रंग की कार? चौकियों पर अलर्ट
दिल्ली पुलिस के सूत्रों की मानें तो विस्फोट में इस्तेमाल की गई हुंडई i20 से जुड़े अन्य संदिग्धों के पास एक और लाल रंग की कार भी थी। इस कार का पता लगाने के लिए पड़ोसी राज्यों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है।

दिल्ली के लाल किला के पास हुए धमाके की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है नए-नए खुलासे हो रहे हैं। दिल्ली पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि जांच में पता चला है कि विस्फोट में इस्तेमाल की गई हुंडई i20 से जुड़े अन्य संदिग्धों के पास एक और लाल रंग की कार भी थी। पुलिस ने इस संदिग्ध लाल फोर्ड इकोस्पोर्ट कार का पता लगाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी के सभी पुलिस थानों, चौकियों और सीमा चौकियों पर अलर्ट जारी कर दिया है।
लाल कार का पता लगाने को 5 टीमें
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, एक सूत्र ने बुधवार को बताया कि इस लाल रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट कार का पता लगाने के लिए दिल्ली पुलिस की कम से कम 5 टीमों को तैनात किया गया है। पड़ोसी राज्यों की पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया है। खास तौर पर उत्तर प्रदेश और हरियाणा पुलिस को कड़ी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। पड़ोसी राज्यों की पुलिस को कड़ी तलाशी और निगरानी करने के लिए कहा गया है।
सीमा जांच चौकियों को अलर्ट
सूत्र ने यह भी बताया कि दिल्ली की सभी सीमाओं पर मौजूद जांच चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। कुछ CCTV फुटेज की जांच में इस कार के होने का संदेह हुआ। पुलिस को जांच में पता चला कि विस्फोट में इस्तेमाल हुंडई i20 से जुड़े अन्य संदिग्धों के पास एक और लाल रंग की कार भी थी। दिल्ली पुलिस की ओर से पड़ोसी राज्यों की पुलिस को सतर्क करने के साथ ही तलाशी में मदद के लिए भी कहा गया है।
एजेंसियां भी कर रहीं छानबीन
न्यूज एजेंसी एएनआई ने दिल्ली पुलिस के सूत्रों के हवाले से बताया है कि संदिग्ध कथित हमलावर डॉ. उमर को मुंबई एक्सप्रेसवे और कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर आई-20 के साथ देखा गया। सीसीटीवी फुटेज में उसको दिल्ली की ओर जाते हुए देखा भी जा रहा है। वहीं जांच एजेंसियां अपनी जांच में विस्फोट में इस्तेमाल हुंडई i20 कार के साथ अन्य वाहन के हाने के एंगल पर भी छानबीन कर रही हैं।
कार डीलर से पूछताछ
इस बीच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने फरीदाबाद के एक कार डीलर को हिरासत में लिया है। साथ ही दिल्ली और आसपास के राज्यों के सभी सेकेंड-हैंड कार डीलरों को हाल ही में की गई वाहनों की बिक्री की डिटेल जुटाने और साझा करने का निर्देश भी दिया गया है। फरीदाबाद के सेक्टर 37 स्थित रॉयल कार प्लाजा के मालिक अमित को फरीदाबाद पुलिस की मदद से हिरासत में लिया गया है।
उमर के पास कैसे पहुंची कार?
सूत्र ने बताया कि अमित ने कथित तौर पर हुंडई i20 की बिक्री में मदद की थी। इसी कार का इस्तेमाल सोमवार को लाल किले के पास हुए धमाके में किया गया था। अमित से पूछताछ की जा रही है। जांच टीम यह पता लगा रही है कि हुंडई i20 कार किन-किन लोगों के पास गई। यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह डॉ. उमर के हाथों में कैसे पहुंची। डॉ. उमर नबी किसके शख्स के माध्यम से उसके संपर्क में आए।




साइन इन