तरंगों से फेफड़े तक फटे; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से समझें कितना शक्तिशाली था दिल्ली ब्लास्ट?
Delhi Bomb Blast: दिल्ली में लाल किले के पास हुआ धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी तरंगों से मृतकों के कान के पर्दों के साथ फेफड़े और आंतें तक फट गईं। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

दिल्ली में लाल किले के पास कार में हुए धमाके में जान गंवाने वालों की प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मानें तो धमाका इतना जोरदार था कि मृतकों के कान के पर्दों के साथ ही फेफड़े और आंतें तक फट गईं। सूत्रों की मानें तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतकों की टूटी हड्डियों के साथ सिर की चोटों का जिक्र भी शामिल है। इन गंभीर चोटों के कारण कई की मौके पर ही मौत हो गई थी।
तरंगों से कान के पर्दे, फेफड़े और आंतें फटीं
शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों का जिक्र है। इससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी तरंगों से ही कान के पर्दे, फेफड़े और आंतें फट गईं। मौत की वजहों में गहरे घाव और ज्यादा मात्रा में खून का बहना भी शामिल है। चोटों के निशान यह संकेत देते हैं कि धमाके की तरंगों से पीड़ित दीवारों से जा टकराए और दूर उड़कर जमीन पर जा गिरे।
सिर और छाती पर अधिकांश चोटें
सूत्रों की मानें तो पोस्टमॉर्टम जांच के दौरान डॉक्टरों को लाशों या कपड़ों पर किसी छर्रे के निशान नहीं मिले। इस धमाके में जान गंवाने वालों को अधिकांश चोटें बॉडी के ऊपरी हिस्से, सिर और छाती पर लगी थीं। शवों के स्वाब के नमूने फोरेंसिक विश्लेषण के लिए रोहिणी स्थित फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला भेजे गए हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि डेड बॉडी से कुछ धातु के टुकड़े और बाहरी कण बरामद हुए हैं।
डीएनए जांच से होगी डॉ. उमर की पहचान
विस्फोटक कैसा था? इसमें किन रसायनों का इस्तेमाल किया गया इसके प्रकार का निर्धारण फोरेंसिक विश्लेषण से किया जाएगा। सूत्रों ने बुधवार को बताया कि फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) ने संदिग्ध हमलावर डॉ. उमर उन नबी की मां के डीएनए सेंपल लिए। डॉ. उमर कथित तौर पर उस आई-20 कार को चला रहा था जिसमें विस्फोट हुआ था। सूत्रों ने बताया कि नमूने आगे की जांच के लिए एम्स की फोरेंसिक प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।
कार के साथ कोई दूसरा वाहन भी था?
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि संदिग्ध डॉ. उमर को मुंबई एक्सप्रेसवे और कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर भी आई-20 के साथ देखा गया था। उसे दिल्ली की ओर जाते देखा गया। अब जांच एजेंसियां वाहन की गतिविधियों की जांच कर रही हैं। जांच एजेंसियां पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या डॉक्टर उमर की कार के साथ कोई दूसरा वाहन भी था? शीर्ष सूत्रों ने बताया कि यह आतंकवादी हमला हो सकता है।




साइन इन