विदेशों में बैठे गैंगस्टर के खिलाफ दिल्ली पुलिस का ऐक्शन, अब रद्द किया जाएगा पासपोर्ट; केंद्र सरकार को भेज दी लिस्ट
दिल्ली पुलिस ने विदेशों में बैठे गैंगस्टर्स के पासपोर्ट को रद्द करने के लिए केंद्र सरकार सरकार से अनुरोध किया है और 25 गैंगस्टर्स की लिस्ट विदेश मंत्रालय को भेजी है।

विदेशों में रह रहे भारतीय गैंगस्टरों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने ऐक्शन शुरू कर दिया है। पुलिस ने देश से बाहर रह रहे 25 गैंगस्टरों के नाम विदेश मंत्रालय को भेजा है और उनके पासपोर्ट को रद्द करने का अनुरोध किया है। इस मामले पर बात करते हुए दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार को कुल 25 गैंगस्टरों की लिस्ट दी गई है और इनमें सभी वांटेड की लिस्ट में चल रहे हैं। पुलिस ने बताया कि कुल 28 गैंगस्टरों की पहचान कर उन्हें भारत वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि विदेश मंत्रालय को सौंपी गई लिस्ट में उन गैंगस्टर का नाम है, जिनपर हत्या, रंगदारी, हत्या का प्रयास और आपराधिक धमकियों जैसे कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि इन अपराधियों ने घटना को अंजाम देने के बाद देश छोड़ दिया और दूसरे देश में जाकर रहने लगे। पुलिस ने बताया कि इन अपराधियों के पास वैध भारतीय पासपोर्ट है और अब इसे रद्द करवाने के लिए विदेश मंत्रालय की मदद ली जा रही है। इसके लिए विदेश मंत्रालय से अनुरोध किया गया है कि इन गैंगस्टर्स के भारतीय पासपोर्ट को रद्द कर दिया जाए ताकि यात्रा करने के लिए कोई वैध दस्तावेज ना बचे।
इन देशों में रह रहे गैंगस्टर्स
दिल्ली पुलिस द्वारा विदेश मंत्रालय को सौंपी गई गैंगस्टर्स की लिस्ट में हिमांशू भाऊ, कपिल सांगवान उर्फ नंदू, अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला और इनके साथ अन्य गैंगस्टर्स के नाम शामिल हैं। इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है इनमें से कुछ कनाडा में रहते हैं और कुछ अमेरिका से अपना काम चला रहे हैं। इसके साथ ही कुछ पुर्तगाल और कुछ यूरोप में रहेत हैं। पुलिस ने बताया कि इनमें से कुछ अपराधी थाईलैंड, मलेशिया और सिंगापुर जैसे देशों में भी रह रहे हैं। पुलिस ने बताया कि इनमें से 10 गैंगस्टरों नाम से लुक आउट सर्कुलर नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही 8 लोगों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया है।
पिछले कुछ महीनों से दिल्ली पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। इस कार्रवाई में विदेशों में रहने वाले अपराधियों के पासपोर्ट को रद्द करने की मांग भी शामिल है। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने ना सिर्फ विदेशों में गैंगस्टर द्वारा चलाए जा रहे गिरोहों को टार्गेट किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस दौरान विदेशों में बैठे गैंगस्टरों के लोकल गुर्गों को भी खत्म करने की कार्रवाई की जा रही है।




साइन इन