दिल्ली शास्त्री पार्क अग्निकांड; पत्थरबाजी के बाद 200 जवान लगे, 500 दुकानें खाक
दिल्ली के शास्त्री पार्क का फर्नीचर बाजार शुक्रवार देर रात को धू-धू कर जल उठा। भीषण आग से करीब 500 दुकानें जलकर खाक हो गईं। दमकल गाड़ियों के देरी से पहुंचने पर गुस्साए लोगों ने उन पर पथराव कर दिया।

दिल्ली के शास्त्री पार्क फर्नीचर बाजार शुक्रवार रात को धू-धू कर जल उठा। भीषण अग्निकांड में लगभग 500 दुकानें जलकर खाक हो गईं। लकड़ी और प्लाईवुड के कारण आग तेजी से फैली, जिसे बुझाने के लिए 26 दमकल गाड़ियां लगाई गईं। स्थानीय लोगों ने दमकल गाड़ियों के कथित देरी से पहुंचने का आरोप लगाकर उन पर पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस बुलानी पड़ी। बताया जाता है कि लगभग 200 जवानों को तुरंत मौके पर भेजा गया जिसके बाद आक्रोशित भीड़ पर काबू पाया जा सका।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकल गाड़ियों के कथित देरी से पहुंचने से नाराज स्थानीय लोगों ने पत्थरबाजी कर दी। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों ने दमकल वाहनों के देरी से पहुंचने के आरोपों को आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि आग बुझाने का काम पूरी रात जारी रहा।
आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हालांकि इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11:56 बजे शास्त्री पार्क के फर्नीचर बाजार में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद पथराव की सूचना मिली। पुलिस के लगभग 200 जवानों तुरंत मौके पर भेजा गया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया। वहीं दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान चलाया।
इस वजह से तेजी से फैली आग
एक अधिकारी ने बताया कि लकड़ी के फर्नीचर और प्लाईवुड जैसी ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैली। दमकल विभाग को रात 11 बजकर 57 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली और दमकल गाड़ियों को तुरंत रवाना किया गया। घटनास्थल पर लकड़ी का फर्नीचर और प्लाईवुड मुख्य ज्वलनशील पदार्थ थे। आग बुझाने के काम में लगभग 25 से 26 दमकल गाड़ियों को लगाना पड़ा।
दमकल कर्मियों पर पथराव, 500 दुकानें खाक
अधिकारी ने बताया कि कुछ लोगों ने दमकल कर्मियों पर पथराव किया। इसके बाद रात लगभग 12 बजकर 50 मिनट पर पुलिस सहायता मांगी गई। वहीं एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि आग रात लगभग 11 बजकर 15 मिनट पर लगी। दमकल गाड़ियां लगभग एक घंटे बाद पहुंचीं। हमें नहीं पता कि 2 दुकानों में आग कैसे लगी। पूरा बाजार तबाह हो गया है। लगभग 500 दुकानें जलकर खाक हो गई हैं।
बस 20 दुकानें ही बचीं
शख्स ने बताया कि केवल 20 दुकान बची हैं। मैं आग लगने के लगभग 45 मिनट बाद मौके पर पहुंचा। तब तक केवल दो दमकल गाड़ियां ही माैके पर पहुंची थीं। वहीं पुलिस ने बताया कि शास्त्री पार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आग कैसे लगी इसको लेकर जांच जारी है। आग लगने के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की छानबीन चल रही है।




साइन इन