Delhi Police new Traffic Advisory due to AI impact Summit Check Affected Routes AI समिट के चलते दिल्ली की सड़कों पर आज शाम फिर 'ब्रेक', इन रूट पर जाने से बचें; ट्रैफिक एडवाइजरी, Ncr Hindi News - Hindustan
More

AI समिट के चलते दिल्ली की सड़कों पर आज शाम फिर 'ब्रेक', इन रूट पर जाने से बचें; ट्रैफिक एडवाइजरी

Delhi Police Traffic Advisory: एआई इम्पैक्ट समिट के कारण आज शाम फिर दिल्ली की सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हो सकती है। दिल्ली पुलिस ने नई ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने कुछ रूट्स पर न जाने की सलाह दी है।

Thu, 19 Feb 2026 11:11 AMGaurav Kala लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
AI समिट के चलते दिल्ली की सड़कों पर आज शाम फिर 'ब्रेक', इन रूट पर जाने से बचें; ट्रैफिक एडवाइजरी

Delhi Police Traffic Advisory: भारत मंडपम में चल रहे एआई समिट में वीआईपी मूवमेंट के चलते दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। कुछ रूट्स पर न जाने की सलाह के साथ वैकल्पिक मार्ग भी सुझाए हैं। इससे पहले बुधवार को ट्रैफिक एडवाइजरी के बावजूद जाम रहा और कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार शाम पांच बजे से रात 9 बजे के बीच के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

एआई समिट के लिए वीआईपी मूवमेंट के चलते बुधवार को भी 4 बजे से रात 10 बजे तक आसपास की कई मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक पर रोक और डायवर्जन को लेकर पुलिस की तरफ से एडवाइजरी जारी भी की गई थी, लेकिन इसके बाद भी दिल्ली की रफ्तार पर बुधवार को एक ब्रेक लग गया और कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली पुलिस का बड़ा ऐक्शन, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का ‘कबूतर’ गिरफ्तार
ये भी पढ़ें:लाल किले के पास धरे गए कार सवार संदिग्ध, NIA के फर्जी कार्ड भी बरामद
ये भी पढ़ें:दिल्ली-NCR में बारिश से फिर ठंड का अहसास, 10 डिग्री तक गिरा पारा, आगे क्या अपडेट

ट्रैफिक प्रतिबंध

सुरक्षा कारणों से शाम 5:00 से 9:00 बजे के बीच रूट डायवर्जन और ट्रैफिक प्रतिबंध प्रभावी रहेंगे। प्रगति मैदान, मथुरा रोड और लुटियंस दिल्ली के आसपास की सड़कों पर आवाजाही प्रभावित रहेगी। दिल्लीवासियों को सलाह दी गई है कि इस दौरान वे प्रभावित मार्गों से बचें, धैर्य बनाए रखें और सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

इन रूटों पर ट्रैफिक बाधित

वीवीआईपी आवाजाही के कारण लुटियंस और सेंटर दिल्ली के कई महत्वपूर्ण रास्तों पर यातायात बाधित रहने की संभावना है। इसमें मुख्य रूप से सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रेसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड और जनपथ जैसे व्यस्त मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा, विंडसर प्लेस, तीस जनवरी मार्ग, पृथ्वीराज रोड, राजेश पायलट मार्ग और सुब्रमण्यम भारती मार्ग पर भी लोगों को भारी जाम का सामना करना पड़ सकता है।

प्रगति मैदान और आसपास के इलाकों में यातायात सबसे अधिक प्रभावित हो सकता है। यात्रियों को मथुरा रोड, भैरों मार्ग और डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग पर जाने से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि इन हिस्सों पर सुरक्षा कारणों से आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा।

गुरुग्राम रोड और परेड मैदान में भी आवाजाही प्रभावित

दिल्ली के अन्य हिस्सों में विशेष रूप से शांति पथ (सत्य मार्ग और कौटिल्य मार्ग गोलचक्कर के बीच), अफ्रीका एवेन्यू और सत्य मार्ग (यशवंत प्लेस से शांति पथ तक) वाले क्षेत्रों में भी ट्रैफिक की रफ्तार धीमी रह सकती है। इसके साथ ही, हवाई अड्डे और उससे जुड़े रास्तों जैसे गुरुग्राम रोड और परेड रोड पर भी यात्रियों को आवाजाही में देरी का सामना करना पड़ सकता है।

वैकल्पिक मार्ग

दिल्ली पुलिस ने संभावित ट्रैफिक जाम और भीड़-भाड़ से बचने के लिए यात्रियों को कई वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है। जो लोग राजनयिक और केंद्रीय प्रशासनिक क्षेत्रों की ओर यात्रा कर रहे हैं, वे सैन मार्टिन मार्ग, पंचशील मार्ग, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रोड, कमल अतातुर्क मार्ग और अरबिंदो मार्ग जैसे रास्तों को चुन सकते हैं। इसके अलावा, शहर के अन्य हिस्सों के लिए लोधी रोड, बारापुला रोड, रिंग रोड, तिलक मार्ग, फिरोज शाह रोड, रफी मार्ग, संसद मार्ग, के. कामराज मार्ग, साउथ एवेन्यू रोड और वंदे मातरम मार्ग जैसे मुख्य कॉरिडोर का उपयोग करना बेहतर रहेगा।

इसी तरह दिल्ली और गुरुग्राम के बीच यात्रा करने वालों को एनएच-48, पुराना दिल्ली-गुरुग्राम रोड, यूईआर-II और एनएच-48 सर्विस रोड का उपयोग करने का सुझाव दिया गया है ताकि वे वीवीआईपी रूटों के प्रतिबंधों से बच सकें।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।