दिल्ली के सर्वोदय एन्क्लेव लूटकांड में पुलिस का एनकाउंटर, कच्छा-बनियान गिरोह के बदमाश धरे
दिल्ली के सर्वोदय एन्क्लेव लूटकांड में पुलिस ने एनकाउंटर में कच्छा बनियान गिरोह के तीन बदमाशों को धरा है। इन्होंने परिवार को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

दक्षिण दिल्ली के सर्वोदय एन्क्लेव में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कुख्यात ‘कच्छा-बनियान’ गिरोह से जुड़े तीन बदमाशों को सोमवार तड़के पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, ये वही आरोपी हैं जिन्होंने बीते गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात इलाके के एक घर में घुसकर लूट को अंजाम दिया था।
पेड़ के सहारे घर में एंट्री, परिवार को बनाया बंधक
जांच में सामने आया है कि बदमाश बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते हैं। इस केस में भी आरोपी विजय मंडल पार्क की दीवार से सटे पेड़ पर चढ़े और बालकनी के रास्ते घर में घुस गए। इसके बाद उन्होंने कटर से दरवाजे का ताला काटा और अंदर दाखिल हो गए। घर के लोग जैसे ही जागे, आरोपियों ने उन्हें धमकाकर बंधक बना लिया और एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद करीब एक घंटे तक बदमाशों ने पूरे घर को खंगाला और नकदी, ज्वेलरी समेत कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घटना की CCTV फुटेज में तीन नकाबपोश बदमाश साफ नजर आए। सभी ने दस्ताने और मोजे पहन रखे थे, ताकि कोई फिंगरप्रिंट न मिले। उनके पास धारदार हथियार और औजार भी थे, जो इस गिरोह की पहचान माने जाते हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह गिरोह कम कपड़ों अक्सर सिर्फ कच्छा-बनियान में वारदात को अंजाम देता है, ताकि पकड़ में आने पर पहचान मुश्किल हो। ये लोग बेहद आक्रामक होते हैं और विरोध होने पर जानलेवा हमला करने से भी नहीं चूकते। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अगर पीड़ित परिवार ने जरा भी विरोध किया होता, तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
वारदात के बाद मालवीय नगर थाने में केस दर्ज कर कई टीमें बनाई गई थीं। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से पुलिस को आरोपियों की लोकेशन का इनपुट मिला। सूचना के आधार पर आंबेडकर नगर के पास जाल बिछाया गया। जैसे ही संदिग्ध वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान बदमाशों ने भागने और हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद संक्षिप्त मुठभेड़ हुई और तीनों को दबोच लिया गया।
अन्य वारदातों से भी कनेक्शन?
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दिल्ली और आसपास के इलाकों में हुई अन्य लूट और चोरी की घटनाओं में भी इनकी भूमिका रही है या नहीं। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से दक्षिण दिल्ली में हाल के दिनों में बढ़ी ऐसी वारदातों पर लगाम लगने की उम्मीद है।




साइन इन