घने कोहरे में लिपटा दिल्ली-NCR, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट; पढ़िए वेदर अपडेट
Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में आज सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए तापमान में गिरावट की चेतावनी दी है।

राजधानी दिल्ली में कोहरे और प्रदूषण का डबल अटैक जारी है। आज सुबह से दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई है। मौसम विभाग ने आज भी कोहरे का ऑरेंड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को भी दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में मध्यम और कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके लिए ओरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं आज न्यूनतम तापमान 7-9 डिग्री और अधिकतम तापमान 21-24 डिग्री तक रहने के आसार हैं।
कल कोहरे ने खूब सताया
दिल्ली सोमवार की सुबह घंटों घने कोहरे की चादर में डूबी रही। कोहरा इतना घना रहा कि दृश्यता का स्तर गिरकर 50 मीटर तक पहुंच गया। सुबह साढ़े आठ बजे के बाद इसमें धीरे-धीरे सुधार हुआ। दिल्ली में रविवार की शाम से ही वायु मंडल में धुंध और धुएं की एक परत दिखने लगी थी। रात बढ़ने और तापमान में गिरावट के साथ ही यह कोहरे में बदल गई। इससे लोगों को परेशानी हुई।
एयरलाइन से जारी की एडवाइजरी
इंडिगो एयरलाइन ने सुबह-सुबह यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने बताया कि कोहरे की वजह से दिल्ली,अमृतसर,चंडीगढ़,जम्मू,कोलकाता,रांची,गुवाहा टी और हिंडन एयरपोर्ट में विजिबिलिटी पर असर पड़ने की उम्मीद है। इस दौरान, विजिबिलिटी अचानक कम हो सकती है, जिससे फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित हो सकते हैं।
विमान और रेल यात्रा हुई प्रभावित
राजधानी में सोमवार को घने कोहरे का असर विमान और रेल सेवा पर देखने को मिला। दृश्यता कम होने की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर आने एवं जाने वाले कुल 130 विमानों की यात्रा को रद्द करना पड़ा। आठ विमानों को दूसरे एयरपोर्ट की तरफ डायवर्ट किया गया। लगभग 200 विमानों ने दिल्ली एयरपोर्ट से देरी से उड़ान भरी। वहीं, दिल्ली के अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर लगभग 100 रेल गाड़ियां देरी से पहुंचीं और करीब तीन दर्जन रेलगाड़ियां देरी से रवाना हुईं।

दूसरे एयरपोर्ट पर उड़ानें हुई डायवर्ट
राजधानी में रविवार देर रात से ही घना कोहरा शुरू हो गया था। इसके चलते विमान सेवाओं पर देर रात से ही असर पड़ने लगा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आठ विमानों को दिल्ली एयरपोर्ट की जगह नजदीकी एयरपोर्टों की तरफ भेजा गया। दृश्यता कम होने के चलते दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले 65 एवं दिल्ली आने वाले 65 विमानों की यात्रा को रद्द करना पड़ा। सुबह लगभग 10 बजे तक विमानों की उड़ान प्रभावित रही, जिसका असर दोपहर बाद तक देखने को मिला।
अहमदाबाद में उतारा गया विमान
सोशल मीडिया पर प्रभाकर नामक शख्स ने लिखा कि रात 12 बजे गोवा से एयर इंडिया की फ्लाइट ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। रात 2 बजकर 40 मिनट पर इसे दिल्ली पहुंचना था। यह विमान दिल्ली के आसमान पर 20 मिनट तक उड़ता रहा और अहमदाबाद की तरफ मुड़ गया। क्योंकि दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान को उतरने लायक दृश्यता नहीं मिल रही थी। निकटतम एयरपोर्ट जयपुर में भी उसे उतरने की इजाजत नहीं मिली जिसके बाद विमान को अहमदाबाद उतारा गया।




साइन इन