red alert for dense fog in delhi rain barish possible at isolated places on 1 january घने कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली; रेड अलर्ट, नए साल पर हो सकती है बारिश, Ncr Hindi News - Hindustan
More

घने कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली; रेड अलर्ट, नए साल पर हो सकती है बारिश

Delhi Weather Forecast: दिल्ली के साथ ही एनसीआर के शहरों में घना कोहरा छा गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली में मंगलवार को सुबह के वक्त घना कोहरा छाने का रेड अलर्ट जारी कर दिया है। इस रिपोर्ट में पढ़ें मौसम विभाग का ताजा अपडेट…

Tue, 30 Dec 2025 12:41 AMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
घने कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली; रेड अलर्ट, नए साल पर हो सकती है बारिश

Delhi Mausam: दिल्ली के साथ ही एनसीआर के शहरों में सोमवार रात को घना कोहरा छा गया। मौसम विभाग ने दिल्ली में मंगलवार को घना कोहरा छाने का रेड अलर्ट जारी कर दिया है। कोहरे के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में मध्यम और कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रह सकता है। एनसीआर के शहरों में भी कमोबेश ऐसी ही स्थितियां देखी जा सकती हैं।

घने कोहरे का रेड अलर्ट

हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मौसम विभाग ने मंगलवार की सुबह को दिल्ली के ज्यादातर जगहों पर मध्यम से घना कोहरा छाने का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बुधवार को भी दिल्ली में सुबह के वक्त मध्यम से घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 07-09 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

दिल्ली से बंगाल तक कोहरे की चादर

घने कोहरे की चादर केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है वरन पंजाब से लेकर बंगाल तक पूरे उत्तर और पूर्वी भारत में इसका व्यापक असर दिख रहा है। मौसम विभाग के सैटेलाइट चित्रों के अनुसार; पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश के साथ-साथ ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में भी कोहरे की मोटी चादर छाई हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि मंगलवार को भी इन राज्यों में घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।

नए साल पर हो सकती है बारिश

नए साल पर दिल्ली वालों को पलूशन से थोड़ी राहत मिल सकती है क्योंकि मौसम विभाग ने एक जनवरी को हल्की बारिश की संभावना जताई है। एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दिल्ली और आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद हवा के रुख में तेजी का अनुमान है। यदि हवा की गति तेज होती है और पर्याप्त बारिश होती है तो जहरीले स्मॉग से काफी हद तक छुटकारा मिल सकता है। बारिश के बाद गलन से ठंड बढ़ सकती है।

128 उड़ानें रद्द, 470 में देरी

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को घने कोहरे ने विमानों की रफ्तार थाम दी। घने कोहरे से 128 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और लगभग 470 उड़ानों में देरी हुई। आठ फ्लाइटों को डायवर्ट कर के दूसरे शहरों की ओर मोड़ दिया गया। इस बीच एयरलाइनों ने चेतावनी दी है कि उत्तर भारत के अन्य हवाई अड्डों पर दृश्यता कम होने के कारण उड़ानों पर असर पड़ सकता है।

Delhi Weather Update news
read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में AQI 400 पार, कल और परसों 2 दिन भारी; क्या बारिश देगी राहत?
ये भी पढ़ें:कोहरे का कहर; दिल्ली में 128 उड़ानें रद्द, 470 में देरी, एयरलाइनों की एडवायजरी

घने कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली

दिल्ली रविवार रात को घने कोहरे की चादर में लिपट गई। कोहरे के चलते दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड सामान्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया। रविवार की तुलना में यह 2.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकार्ड किया गया।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।