कोहरे का कहर; दिल्ली में 128 उड़ानें रद्द, 470 में देरी, एयरलाइनों की एडवायजरी में क्या?
देश के कई हिस्सों में घने कोहरे की चेतावनी के बीच इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट जैसी एयरलाइंस कंपनियों ने अपने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। जानें इन ट्रैवेल एडवाइजरी में क्या कहा गया?

दिल्ली एयरपोर्ट पर सोमवार को घने कोहरे के चलते उड़ानें बुरी तरह प्रभावित हुईं। कुल 128 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं जबकि 8 उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा और लगभग 470 उड़ानों में देरी हुई। एयरपोर्ट संचालक डायल ने दोपहर बाद दृश्यता में सुधार की जानकारी दी। हालांकि यात्रियों को चेतावनी दी गई है कि कुछ स्थानों पर उड़ानों का संचालन प्रभावित रह सकता है। इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट जैसी एयरलाइंस ने उत्तर भारत में मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए यात्रियों को सतर्क रहने और अपनी उड़ान का स्टेटस चेक करते रहने की सलाह दी है।
क्या बोलीं एयरलाइनें?
एयरलाइन कंपनियों ने अपनी ट्रैवेल एडवाइजरी में कहा है कि मंगलवार को भी दिल्ली समेत कई शहरों में उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। ऐसे में यात्रियों को एयरपोर्ट निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक कर लेना चाहिए ताकि फ्लाइटें कैंसिल होने या लेट होने के कारण उनको पछताना न पड़े। कंपनियों ने कहा है कि कोहरे के कारण उत्तर भारत के प्रमुख हवाई अड्डों पर परिचालन सुचारू करने के लिए टीमें लगातार कोशिशें कर रही हैं।
कोहरे की मार से उड़ानें प्रभावित
दिसंबर की कड़कड़ाती ठंड के बीच उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में कोहरे की सफेद चादर देखी जा रही है। इसने हजारों यात्रियों के सफर को अनिश्चित बना दिया है। सोमवार की सुबह जब दिल्ली और आसपास के शहरों में विजिबिलिटी गिर गई तो हवाईअड्डों पर परेशानी का माहौल बन गया। इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट जैसी प्रमुख एयरलाइनों को मजबूरन ट्रैवल एडवाइजरी जारी करनी पड़ी।
इन शहरों में प्रभावित हो सकती है आवाजाही
एयर इंडिया ने सोशल मीडिया पर अपनी एडवाइजरी में कहा कि कोहरे केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है। आने वाले मंगलवार यानी 30 दिसंबर को भी दिल्ली, अमृतसर, जम्मू, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी, पटना, दरभंगा, गुवाहाटी और बागडोगरा जैसे शहरों में विमानों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो सकती है।
एयर इंडिया ने भी यात्रियों को किया आगाह
एयर इंडिया ने आगे कहा है कि कम विजिबिलिटी के कारण उड़ानों की लैंडिंग या टेक-ऑफ करना पायलटों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे में यात्रियों से अपील है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस ऑनलाइन जरूर चेक कर लें ताकि उन्हें एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार न करना पड़े या खाली हाथ वापस न लौटना पड़े।
इंडिगो की 80 उड़ानें रद्द
कोहरे की इस मार का असर इंडिगो एयरलाइन पर भी पड़ा जिससे उसको अपने नेटवर्क की लगभग 80 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इनमें से आधी उड़ानें अकेले दिल्ली एयरपोर्ट से संबंधित थीं। बाकी मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता जैसे बड़े शहरों से थीं।
इंडिगो ने की यह अपील
इंडिगो का कहना है कि कोहरे के कारण विमानों का संचालन धीमा हो गया है। एयरपोर्टों पर तैनात टीमें परेशान यात्रियों की मदद करने की कोशिश कर रही हैं। अधिकारियों के साथ मिलकर उड़ानों को सुचारू करने का प्रयास जारी हैं। ऐसे में यात्रियों से गुजारिश है कि वे अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी के लिए फ्लाइट का स्टेटस ऑनलाइन चेक करते रहें।
स्पाइसजेट ने क्या कहा?
स्पाइसजेट ने भी अपनी एडवाइजरी में ऑपरेशंस पर असर पड़ने की चेतावनी दे दी है। अपनी एडवाइजरी में एयरलाइन ने कहा कि खराब मौसम की वजह से कम विजिबिलिटी के कारण दिल्ली, अमृतसर, जम्मू, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी, दरभंगा, पटना, गुवाहाटी और बागडोगरा जैसे एयरपोर्टों पर उड़ानों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। एयरलाइन ने यात्रियों से अपनी वेबसाइट के जरिए अपनी फ्लाइट का स्टेटस नियमित रूप से चेक करने की गुजारिश की है ताकि उन्हें एयरपोर्टों पर इंतजार ना करना पड़े।

घने कोहरे का अलर्ट, दिल्ली एयरपोर्ट ने किया आगाह
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दिन भर में कम से कम 128 फ्लाइटें कैंसिल कर दी गईं। 8 फ्लाइटों को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। यही नहीं लगभग 470 उड़ानों में देरी हुई। एयरपोर्ट संचालक 'डायल' ने यात्रियों के लिए जारी एडवाइजरी में घने कोहरे की स्थिति बनी रहने के कारण उड़ानों के प्रभावित होने की चेतावनी दी है। वहीं मौसम विभाग ने दिल्ली के साथ यूपी, बिहार और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।




साइन इन