delhi mausam ki jankari delhi weather forecast some relief from pollution in delhi फिर प्रदूषण की चपेट में आएगी दिल्ली, मौसम विशेषज्ञों ने किया आगाह, कैसे रहेंगे अगले 7 दिन?, Ncr Hindi News - Hindustan
More

फिर प्रदूषण की चपेट में आएगी दिल्ली, मौसम विशेषज्ञों ने किया आगाह, कैसे रहेंगे अगले 7 दिन?

Delhi Weather Update: दिल्ली में प्रदूषण से थोड़ी राहत मिली है। अगले सात दिन कैसा रहेगा मौसम IMD ने इस बारे में अपडेट दिया है। मौसम का पूर्वानुमान जानने के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट...

Sat, 11 Nov 2023 08:13 PMKrishna Bihari Singh हिंदुस्तान, नई दिल्ली
share
फिर प्रदूषण की चपेट में आएगी दिल्ली, मौसम विशेषज्ञों ने किया आगाह, कैसे रहेंगे अगले 7 दिन?

Delhi Weather Report: राजधानी में शुक्रवार को हुई बारिश के चलते प्रदूषण से बड़ी राहत मिली है। गुरुवार के मुकाबले प्रदूषण में लगभग 50 फीसदी की कमी देखने को मिली है लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि दिवाली पर अगर आतिशबाजी हुई तो एक बार फिर प्रदूषण का स्तर बढ़ सकता है। दिल्ली में अगले पांच दिन कैसा रहेगा मौसम इसको लेकर IMD की ओर से अपडेट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि दिवाली के बाद सुबह के वक्त एकबार फिर धुंध नजर आ सकती है।

दिवाली पर आतिशबाजी बिगाड़ देगी सूरत
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश के कारण हवा में मौजूद प्रदूषक तत्व धुल गए हैं। इससे गंभीर प्रदूषण की मार झेल रहे दिल्ली वासियों को काफी राहत मिली है। हालांकि मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदूषण की स्थिति काफी कुछ दिवाली पर होने वाली आतिशबाजी आदि पर निर्भर करेगी।

पटाखें न जलाने की अपील
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने लोगों से पटाखें न जलाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बीते 10 दिनों से लोगों के लिए सांस लेना भी मुश्किल हो रहा था। ऐसे में बारिश ने प्रदूषण से बड़ी राहत दिलाई है। लेकिन अगल दिवाली पर दिल्ली या इसके आसपास के क्षेत्रों में आतिशबाजी हुई तो एक बार फिर प्रदूषण बढ़ जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह दिये और मिठाई के साथ दिवाली को मनाएं। उन्होंने कहा कि दिवाली के बाद प्रदूषण के हालात को देखते हुए आगे की योजना बनाई जाएगी।

रविवार को बेहद खराब हो सकती है हवा
विशेषज्ञों के अनुसार दिल्ली में फिलहाल उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा चल रही है जिसके चलते प्रदूषण धीरे-धीरे बढ़ेगा। रविवार को यह एक बार फिर बेहद खराब श्रेणी में चला जाएगा और सोमवार एवं मंगलवार को यह गंभीर श्रेणी में रह सकता है। दिल्ली में आ रहे पराली के धुएं, हवा की धीमी रफ्तार और वाहनों के प्रदूषण की वजह से अगले कुछ दिनों तक एक बार फिर दिल्लीवासियों को प्रदूषित हवा से जूझना होगा।

13 नवंबर से बिगड़ सकता है मौसम
मौसम का पूर्वानुमान जारी करने वाली स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, कम से कम अगले 3 से 4 दिनों तक दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में उत्तर-पश्चिम दिशा से हवाएं मध्यम तीव्रता के साथ जारी रहेंगी। मौसम विज्ञानियों ने यह भी चेताया है कि 13 नवंबर से हवा का स्तर फिर से गंभीर श्रेणी जा सकता है। 

किस इलाके में कैसा प्रदूषण?

जगह             वायु गुणवत्ता सूचकांक
आनंद विहार        295
वजीरपुर             282
जहांगीरपुरी          273
आईटीओ             270
नेहरु नगर           269

बढ़ेगी ठंड
उत्तराखंड में बारिश और हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी देखी गई है। कुल मिलाकर मौजूदा मौसमी परिस्थितियां दिल्ली एनसीआर के इलाकों में ठंड के बढ़ने का संकेत कर रही है। मालूम हो कि आईएमडी ने हल्की बारिश समेत मौसम संबंधी अनुकूल परिस्थितियों के कारण दीपावली से पहले एक्यूआई में मामूली सुधार होने का अनुमान जताया था जो शनिवार को नजर भी आया लेकिन आने वाले दिनों में दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति काफी कुछ दिवाली के मौके पर होने वाली आतिशबाजी की घटनाओं पर भी निर्भर करेगी। 

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।