दिल्ली-NCR में बदला मौसम, कई इलाकों में भारी बारिश, द्वारका में गिरे ओले
दिल्ली एनसीआर में एक बार फिर मौसम बदल गया है। कई इलाकों में आंधी तूफान के साथ झमाझम बारिश हो रही है। इस दौरान कुछ इलाकों में ओले गिरने की खबर भी सामने आई है।

दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम बदल गया है। कई इलाकों में आंधी तूफान के साथ झमाझम बारिश हो रही है। इस दौरान कुछ इलाकों में ओले गिरने की खबर भी सामने आई है। मौसम विभाग ने आज पहले ही कई इलाकों में अगले बारिश और तूफान की चेतावनी दी थी। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में अगले 2 घंटों के दौरान दिल्ली मुंडाका, जाफरपुर, नजफगढ़ और एनसीआर के बहादुरगढ़ के कुछ अलग-अलग स्थानों पर मध्यम बारिश और बिजली की आशंका थी। इस दौरान 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ ओलावृष्टि/तूफान आने की संभावना जताई गई थी।
इससे पहले दिल्ली में में सोमवार देर रात भी गरज के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग ने 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया था और अगले कुछ घंटों में दिल्ली में ओलावृष्टि, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 'ऑरेंज अलर्ट' का मतलब है ''सतर्क रहें'', जो प्रतिकूल मौसम की संभावना को दर्शाता है।
मौसम विभाग ने कहा था कि कश्मीरी गेट, इंडिया गेट, अक्षरधाम, सफदरजंग, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, डिफेंस कॉलोनी और लाजपत नगर सहित दिल्ली के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने के साथ बारिश होने का अनुमान है, जिसमें हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
आने वाले दिनों में कैसा मौसम?
मौसम विभाग ने आज रात में भी आंधी तूफान औऱ बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। वहीं धूल भरी आंधी के भी आसार हैं। आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
वहीं कल यानी 6 मई को भी आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की उम्मीद है। गरज चमक की भी संभावना है। 6 और 7 मई को अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। हालांकि इसके बाद 8 मई से मौसम साफ रहेगा और अधिकतम तापमान भी 38-39 डिग्री के बीच रह सकता है।




साइन इन