दिल्ली की RBI बिल्डिंग में लगी आग, मौके पर पहुंची दमकल की 6 गाड़ियां
दिल्ली की आरबीआई बिल्डिंग में आग लगने की खबर सामने आई है। जानकारी मिलते ही दमकल की 6 गाड़ियां रवाना कर दी गई है।

दिल्ली की आरबीआई बिल्डिंग में आग लगने की खबर सामने आई है। जानकारी मिलते ही दमकल की 6 गाड़ियां रवाना कर दी गई। दिल्ली फायर सर्विस के एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को पार्लियामेंट स्ट्रीट स्थित भारतीय रिजर्व बैंक की इमारत में आग लग गई, जिसके बाद अधिकारियों ने छह दमकल गाड़ियां मौके पर भेजीं।
अधिकारी ने बताया कि दोपहर 1 बजकर 05 मिनट पर छत पर लगे सोलर पैनल में आग लगने की सूचना मिली। अधिकारी ने आगे कहा, हमने छह दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी और 1.20 तक आग पर आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के मुताबिक आग सोलर पैनल के बॉक्स में लगी थी।
विवेक विहार में लगी आग में हुई थी 9 लोगों की मौत
इससे पहले हाल ही में दिल्ली के विवेक विहार इलाके में स्थित चार मंजिला इमारत में भी आग लग गई थी। इस घटना में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में भीषण आग की चपेट में आई इमारत के भीतर फंसे लोगों को बचाने के लिए पड़ोसियों ने खासी मशक्कत की थी, लेकिन चोरों को रोकने के लिए लगाई गई लोहे की ग्रिल मौत का जाल बन गई और सड़क पर खड़े वाहनों ने भी मुश्किलें पैदा कीं। घटना के एक दिन बाद स्थानीय लोगों ने यह जानकारी दी।
विवेक विहार में रविवार तड़के एक आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई थी, जिसमें दो परिवारों के नौ लोगों की मौत हो गई जिसमें एक बच्चा भी शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि संदेह है कि एयर-कंडीशनर में हुए धमाके के कारण यह आग लगी।
सोमवार को इलाके की संकरी गलियों में भारी सन्नाटा पसरा रहा। इलाके में शोक संतप्त परिवारों की सिसकियां और पुलिस की गाड़ियों व एम्बुलेंस के सायरन की आवाज़ें गूंज रही थी। स्थानीय लोग खामोश थे। इमारत का पिछला हिस्सा तबाही की सबसे भयानक तस्वीर पेश कर रहा था। काली पड़ी दीवारें और जली हुई बालकनी आग की भयावहता की गवाही दे रही थी।
अंदर जली हुई चीज़ों के निशान और धुएं से काली पड़ी सीढ़ियां दिखाई दे रही थीं। इस दौरान फॉरेंसिक टीम और पुलिस के लोग अंदर-बाहर से घटना के बाद की स्थिति का रिकॉर्ड बना रहे थे।




साइन इन