दतिया में उपचुनाव की आहट के बीच हलचल, 1 दर्जन से अधिक कांग्रेसी BJP में शामिल
दतिया में उपचुनाव की आहट के बीच बड़ा सियासी फेरबदल हुआ है। पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी में क्षत्रिय समाज के लोगों और कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ली।

एमपी के दतिया जिले में संभावित उपचुनाव की आहट के साथ ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में एक बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है जहां क्षत्रिय समाज के एक बड़े वर्ग और एक दर्जन से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया। इस घटनाक्रम को आगामी चुनावी समीकरणों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द होने से सरगर्मी तेज है।
भाजपा में शामिल होने के लिए आयोजित कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा मुख्य रूप से मौजूद रहे। उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा, जिला महामंत्री अतुल भूरे चौधरी, मंडल अध्यक्ष हरिराम पाल और मंडल अध्यक्ष पुनीत टिलवानी भी मंच पर मौजूद रहे। सभी नेताओं ने नवागंतुक कार्यकर्ताओं का पार्टी का पट्टा पहनाकर स्वागत किया और उन्हें विधिवत सदस्यता दिलाई।
सभी कार्यकर्ताओं को देंगे उचित सम्मान
कार्यक्रम के दौरान डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर लगातार लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। आने वाले समय में भाजपा दतिया में और अधिक मजबूती के साथ उभरेगी। वहीं, भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा ने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी। नए कार्यकर्ताओं के आने से पार्टी को और ऊर्जा मिलेगी।
प्रभावित हो सकता है सियासी माहौल
भाजपा में शामिल नेताओं ने कहा कि वे पार्टी की विचारधारा और नेतृत्व से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा ही देश और प्रदेश के विकास को नई दिशा देने में सक्षम है। जानकारों का मानना है कि उपचुनाव से पहले इस तरह के घटनाक्रम चुनावी माहौल को प्रभावित कर सकते हैं।
विधानसभा सीट का चुनाव नहीं रहेगा
फिलहाल, दतिया में सियासी सरगर्मी बढ़ चुकी है और आने वाले दिनों में ऐसे और भी राजनीतिक फेरबदल देखने को मिल सकते हैं। सभी दल अपने-अपने स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पकड़ बनाने में जुटे हुए हैं। जानकारों का मानना है कि यदि उपचुनाव होता है तो यह केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं रहेगा, इसे प्रदेश की बड़ी राजनीतिक परीक्षा से भी जोड़कर देखा जाएगा।
क्यों जग रहीं उपचुनाव की संभावनाएं?
बता दें कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती से जुड़े मामले में दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले के बाद दतिया में उपचुनाव कराए जाने की संभावनाएं प्रबल हो रही हैं। दतिया से निर्वाचित कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की आर्थिक धोखाधड़ी के मामले में 3 साल की सजा के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो चुकी है। उन्होंने विशेष न्यायालय के आदेश को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है, लेकिन उनको कोई राहत नहीं मिली है।




साइन इन