दिल्ली-NCR में बारिश से लौटी ठिठुरन, अगले तीन दिन और बढ़ेगा सर्दी का अहसास; मौसम अपडेट
दिल्ली-NCR में हुई भारी बारिश से मौसम बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड रहेगी और मंगलवार को फिर से हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजधानी व आसपास के इलाके में हुई बारिश के बाद सर्द मौसम का अहसास एक बार फिर से लौट आया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान बीस डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहेगा। मंगलवार को फिर हल्की बूंदबांदी हो सकती है।
पूरी दिल्ली में हुई बारिश
मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में शुक्रवार को अच्छी बारिश हुई है। दिल्ली के रिज क्षेत्र में सबसे ज्यादा 19.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सफदरजंग में 14.5 मिमी, पालम में 15.3 मिमी और लोधी रोड में 15.0 मिमी बारिश दर्ज की गई।
पिछले हफ्ते मौसम हुआ था गर्म
राजधानी में पिछले सप्ताह हवा की दिशा बदलने के साथ ही मौसम तेजी से गर्म होने लगा था। यहां तक कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। यह जनवरी महीने के लिए सात वर्षों का रिकॉर्ड था। लेकिन, बारिश होते ही मौसम में तेजी से बदलाव हुआ है और दिल्ली में सर्द मौसम का अहसास लौट आया है।
तीन दिन रहेगी ठिठुरन
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों के बीच अधिकतम तापमान 20 डिग्री से नीचे ही रहेगा। शनिवार सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है। बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 06 से 08 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं। हवा की गति 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रहने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार के बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली के मौसम पर देखने को मिल सकता है। इसके चलते मंगलवार को कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
रात और दिन के पारे में ढाई डिग्री से भी कम अंतर
दिल्ली में अचानक हुए मौसम में बदलाव को इससे भी समझ सकते हैं कि रात और दिन के पारे में ढाई डिग्री से भी कम अंतर दर्ज किया गया है। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा। यानी दोनों तापमानों के बीच में सिर्फ 2.3 डिग्री का अंतर रहा। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि जनवरी के महीने में न्यूनतम तापमान के लिए यह भी चार सालों का रिकॉर्ड है। इससे पहले वर्ष 2022 में नौ जनवरी को न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।




साइन इन