दिल्ली में बारिश के बाद सर्द हवाओं का सितम; इस दिन फिर बरसेंगे बदरा
Delhi Mausam: पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली और एनसीआर में शुक्रवार को हुई बारिश से ठंड बढ़ गई है( मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान 20 डिग्री से कम रहेगा। एक और पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है जिससे फिर से हल्की बारिश हो सकती है।

Delhi Weather: पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली और एनसीआर में शुक्रवार को हुई अच्छी बारिश से ठंड एक बार फिर बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान बीस डिग्री सेल्सियस से कम रहने का अनुमान है जिससे सर्दी का अहसास बना रहेगा। मौसम विभाग ने 27 जनवरी यानी मंगलवार को दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में फिर से हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
दो दिन सर्द हवाओं का सितम
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों के दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा। वहीं दिल्ली में न्यूनतम तापमान के 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के साथ ही एनसीआर में दो दिन सर्द हवाएं सितम ढाएंगीं। मौसम विभाग ने शनिवार को दिल्ली में 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक की स्पीड से सर्द हवाएं चलने का अनुमान जताया है।
सुबह के वक्त दिखेगा कोहरा
इसके बाद रविवार को दिल्ली एनसीआर में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से सर्द हवाएं चलेंगी। दिल्ली में शनिवार और रविवार को सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखा जा सकता है। इसके चलते दिल्ली के साथ ही एनसीआर में हल्की सर्दी बनी रहेगी। शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 06 से 08 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं।
26 जनवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली के साथ ही एनसीआर में रविवार और सोमवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखा जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री जबकि सोमवार को इसके 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग की मानें तो 26 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।
27 जनवरी को फिर होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, इस पश्चिमी विक्षोभ प्रभाव से दिल्ली के साथ ही एनसीआर में भी मौसम एक बार फिर करवट लेगा। इसके प्रभाव से 27 जनवरी को दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने 27 जनवरी को दिल्ली के साथ ही एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में बहुत हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा भी देखा जा सकता है।

अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मात्र 2.3 डिग्री का अंतर
दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदलने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच ढाई डिग्री से भी कम का अंतर देखा गया है। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया तो अधिकतम 16 डिग्री दर्ज किया गया जिससे दोनों के बीच केवल 2.3 डिग्री सेल्सियस का ही फर्क रहा। दिल्ली के सभी केंद्रों पर पिछले दिन के मुकाबले न्यूनतम तापमान में बड़ी बढ़त हुई है। लोधी रोड में यह बढ़ोत्तरी सात डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रही।




साइन इन