Cold is returning rain alerts issued in several states including Delhi and Punjab फिर लौटने वाली है ठंड, दिल्ली-पंजाब समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट; चलेंगी बर्फीली हवाएं, Weather Hindi News - Hindustan
More

फिर लौटने वाली है ठंड, दिल्ली-पंजाब समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट; चलेंगी बर्फीली हवाएं

राजधानी दिल्ली, पंजाब और राजस्थान समेत कई राज्यों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाएं शीतलहर को वापस लेकर आ रही हैं। मौसम विभाग ने सावधान किया है।

Sat, 24 Jan 2026 12:40 AMAnkit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share
फिर लौटने वाली है ठंड, दिल्ली-पंजाब समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट; चलेंगी बर्फीली हवाएं

आप अगर यह सोचकर अपनी रजाई पैक करने जा रहे हैं कि ठंड जा चुकी है तो यह बड़ी गलती हो सकती है। मौसम विभाग और जानकारों का कहना है कि ठंड फिर से वापसी करने वाली है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में आने वाले दिनों में बारिश शीतलहर लाने वाली है। पहाड़ों पर गिरने वाली बर्फ और मैदान में तेज हवाएं एक बार फिर लोगों कंपा रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा, पंजाब, चंडीगढञ और राजस्थान के साथ दिल्ली एनसीआर का तापमान 24 से 26 तारीख के बीच 0 से 5 डिग्री तक भी जा सकता है। हालांकि दिन का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।

इन राज्यों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी हिमालयी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की पूरी संभावना है। वहीं उत्तर-पश्चिम में 27 जनवरी से बारिश शुरू हो सकती है। 27 तारीख को जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बारिश की संभावना है। इसके अलावा हिमाचल और उत्तराखंड में भी बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा सकती है। सुबह के वक्त कोहरा भी गिर सकता है।

राजधानी दिल्ली में बारिश

उत्तर भारत में शुक्रवार की सुबह घने काले बादलों के बीच कहीं बर्फबारी तो कहीं बारिश के साथ शुरू हुई। इसकी वजह से दिल्ली सहित कई इलाकों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ और इसका असर गणतंत्र दिवस परेड के फुल ड्रेस रिहर्सल पर भी पड़ा। क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे शुष्क मौसम का अंत बर्फबारी और बारिश के साथ हुआ, जिससे तापमान में भारी गिरावट आई। इससे कई किसानों ने राहत की सांस ली और उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में लंबी छुट्टियों की तैयारी कर रहे पर्यटकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

पहाड़ों में बर्फबारी

जम्मू और कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में ताजा हिमपात के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए बंद करना पड़ा, कुछ समय के लिए त्रिकुटा पहाड़ी पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा भी स्थगित करनी पड़ी और कश्मीर में 20 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं। अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग के प्रसिद्ध स्कीइंग रिजॉर्ट में दो फुट से अधिक ताजा बर्फबारी हुई, जबकि गांदरबल जिले के सोनमर्ग पर्यटक रिजॉर्ट में छह इंच से अधिक और दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम रिर्जार्ट में लगभग तीन इंच बर्फ गिरी।

मौसम विज्ञान विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक मौजूदा मौसम प्रणाली शुक्रवार शाम तक सक्रिय रहेगी। पीर-पंजाल पर्वतमाला, चिनाब घाटी और दक्षिण कश्मीर के कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश या बर्फबारी या ओलावृष्टि की संभावना है। जम्मू में, राजौरी, पुंछ और कठुआ जिलों के विद्यालयों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद बंद कर दिया गया। जम्मू शहर सहित मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश हुई, जिससे दो महीने से अधिक समय से जारी शुष्क मौसम का अंत हुआ।

दिल्ली में लंबे समय से चल रहे शुष्क शीतकालीन मौसम का अंततः तब अंत हुआ जब शहर में शुक्रवार को साल की पहली बारिश दर्ज की गई। इससे राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण से लोगों को कुछ समय के लिए राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के दिन के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में सुबह से दोपहर पहले तक एक या दो बार बारिश होगी और दोपहर और शाम को बहुत हल्की से हल्की बारिश का एक और दौर होगा।

बारिश के कारण वायु गुणवत्ता में काफी सुधार आया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के समीर ऐप के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 293 पर पहुंच गया है, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। एक दिन पहले यानी गुरुवार को शाम चार बजे यह 313 दर्ज किया गया था।

कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।