दिल्ली-NCR में बारिश और आंधी से घंटेभर में 10 डिग्री तक पारा लुढका, कहां कितना तापमान
Delhi-NCR Heavy Rain: दिल्ली-एनसीआर में अचानक हुई तेज बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। घंटेभर की बारिश से कई इलाकों में तापमान पांच से 10 डिग्री तक लुढका है।

Delhi-NCR Heavy Rain: दिल्ली-एनसीआर में अचानक बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया है। तेज हवाओं और धूल भरी आंधी के साथ बारिश के चलते राजधानी के अलग-अलग इलाकों में तापमान में 5 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। शाम के समय आए इस बदलाव ने मौसम को पूरी तरह बदल गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तापमान में गिरावट जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान तेजी से नीचे गिरा। फरीदाबाद शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री रहा। ठंडी हवाओं और बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया।
कहां-कितना तापमान गिरा
प्रगति मैदान में तापमान 28.1 डिग्री से गिरकर 22.4 डिग्री पहुंचा। पूसा में तापमान में 7.6 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। पालम में अधिकतम तापमान 29 डिग्री से 19 डिग्री तक गिरा।

इसी तरह प्रीतमपुरा में 6.3 डिग्री, लोधी रोड में 9.5 डिग्री, सफदरजंग में 10 डिग्री और जनकपुरी में 9.0 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हुई।
आंधी से बढ़ी परेशानी, बिजली गुल
तेज आंधी के कारण सड़कों पर धूल उड़ने लगी, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई। राहगीरों और खासकर दोपहिया चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई जगह लोगों को रुककर मौसम शांत होने का इंतजार करना पड़ा। आंधी का असर बिजली पर भी पड़ा। कई इलाकों में करीब आधे घंटे तक बिजली गुल रही, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी और रोजमर्रा के काम प्रभावित हुए।
तीन दिन और बारिश के आसार
राजधानी के ज्यादातर हिस्सों में शाम 6 बजे से 7:30 बजे के बीच जमकर बारिश हुई। तेज आंधी और हल्की से मध्यम बारिश के कारण तापमान में अचानक गिरावट आई। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के कारण हुआ है। 19 मार्च से अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है। तापमान में और गिरावट आ सकती है।




साइन इन