दिल्ली-NCR में आंधी बारिश; थमा ट्रैफिक, कुछ जगहों पर बिजली गुल, 2 दिन येलो अलर्ट
Delhi Weather: दिल्ली एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में धूलभरी हवाओं के साथ बूंदाबांदी से मौसम बदल गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार और शुक्रवार को भी दिल्ली में मौसम का कमोबेश ऐसा ही रुख देखने को मिलेगा।

दिल्ली-एनसीआर में बुधवार शाम आई तेज धूल भरी आंधी और बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। मौसम विभाग ने 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया और लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी। खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट से 22 फ्लाइटों को डायवर्ट करना पड़ा। कई इलाकों में बिजली गुल रही। हालांकि, बारिश से भीषण गर्मी से राहत मिली और तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले दो दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में गरज चमक के साथ बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया है।
अचानक बदला मौसम
दिल्ली के साथ ही एनसीआर के ज्यादातर इलाकों में बुधवार को सुबह से ही तेज चमकदार धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तेज हो गई। बीच-बीच में बादलों की आवाजाही भी लगातार बनी रही। लेकिन शाम को अचानक मौसम बदल गया। काले बादल छा गए और तेज धूल भरी हवाएं चलने लगीं। इसके साथ ही ज्यादातर जगहों पर गरज चमक के साथ बारिश देखी गई।
बिजली गुल, थमी वाहनों की रफ्तार
दिल्ली के साथ नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद में विभिन्न इलाकों में धूल भरी आंधी चली। दिल्ली में सबसे तेज हवा प्रगति मैदान में 68 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली। पूसा में हवा की गति 65 किलोमीटर प्रति घंटा रही। दिल्ली लोदी रोड, इग्नू और पीतमपुरा में हवा की रफ्तार 43 से 48 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।
रेंगते नजर आए वाहन, बिजली रही गुल
आंधी और जोरदार बारिश से दिल्ली के साथ नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद के अलग-अलग हिस्सों में ट्रैफिक रेंगता नजर आया। तेज आंधी से एनसीआर के कुछ इलाकों में बिजली भी गुल हो गई। दिल्ली के कई इलाकों में बिजली गुल रही क्योंकि तेज हवाओं से विद्युत ग्रिड प्रभावित हुआ।
कहां कितनी बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में काफी बारिश हुई। सीआरपीएफ कैंपस में सबसे अधिक 11.5 मिलीमीटर बारिश हुई और जनकपुरी में 10.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। नारायणा और पूसा में 8.0 मिलीमीटर जबकि प्रगति मैदान में 5.5 मिलीमीटर बारिश हुई। लोधी रोड और आयानगर जैसे इलाकों में 4.0 से 4.5 मिलीमीटर के बीच और पीतमपुरा में 2.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट
आंधी और बारिश से तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में शाम 6.45 से 7.30 बजे के बीच तापमान में भारी गिरावट देखी गई। पालम और सफदरजंग में तापमान 29 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 19 डिग्री सेल्सियस हो गया यानी 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। वहीं लोधी रोड में 8.5 डिग्री की गिरावट आई जबकि अन्य स्टेशन पर 5 से 10 डिग्री के बीच गिरावट दर्ज की गई।
गुरुवार और शुक्रवार को येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को भी दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को दिल्ली-NCR के अलग- अलग हिस्सों में आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय गरज चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखी जा सकती है। इस दौरान हवा की स्पीड 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। कभी-कभी हवा की गति 40 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है।
गुरुवार को भी आंधी बारिश
मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार को ही दोपहर से रात तक गरज चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश के एक या दो दौर देखे जाने की संभावना है। हवा की स्पीड 30 से 40 किलोमीटी प्रति घंटा रह सकती है। आंधी के समय हवा की स्पीड 50 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग की ओर से गुरुवार को भी गरज चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
शुक्रवार को भी आंधी-बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दिन बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है। बीच-बीच में हवा की स्पीड 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। दोपहर और शाम के समय भी मौसम की ऐसी ही लहरें देखने को मिल सकती हैं।




साइन इन