दिल्ली मेट्रो की नई पहल, हर सोमवार को 6 ट्रेनें लगाएंगी 24 एक्स्ट्रा फेरे
Delhi Metro News : डीएमआरसी ने अपने यात्रियों का पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए नई पहल की है। इसमें 18 मई 2026 से हर सोमवार को दिल्ली मेट्रो की 06 अतिरिक्त ट्रेनों के माध्यम से 24 अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोगों को लिए एक नई पहल की है। इसके तहत लोगों को निजी वाहनों के बजाय अधिक से अधिक मेट्रो अपनाने को प्रोत्साहित करने के लिए दिल्ली मेट्रो ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे लगाएगी। डीएमआरसी पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम करने, सतत परिवहन को बढ़ावा देने, यात्रियों की सुविधा बढ़ाने तथा आर्थिक मजबूती सुनिश्चित करने की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के प्रति प्रतिबद्ध है।
डीएमआरसी वर्तमान हालात में सड़क परिवहन से मेट्रो की ओर संभावित रुझान को ध्यान में रखते हुए अपनी कमर कस ली है। इसके तहत 18 मई 2026 से प्रत्येक सोमवार को 06 अतिरिक्त ट्रेनों के माध्यम से 24 अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। बाकी दिनों में भी जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी।
डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक (कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस) अनुज दयाल ने बताया कि इस क्षमता विस्तार का मकसद बढ़ती यात्री संख्या के दौरान निर्बाध सेवाएं सुनिश्चित करना तथा यात्रियों का सुचारु प्रबंधन करना है। डीएमआरसी यात्रियों की संख्या में किसी भी संभावित वृद्धि पर लगातार निगरानी रखेगा ताकि आवश्यकता पड़ने पर मांग के अनुरूप आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
सुरक्षा व्यवस्था एवं यात्री आवागमन को और सुदृढ़ बनाना
अतिरिक्त यात्री क्षमता को संभालने के लिए डीएमआरसी निम्नलिखित कदम उठा रही है—
1. अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती
2. अतिरिक्त टिकट काउंटरों का संचालन
3. अतिरिक्त डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) एवं बैगेज स्कैनर सक्रिय करना
4. फ्रिस्किंग प्वाइंट्स पर प्रतीक्षा समय कम करना
5. व्यस्त अवधि के दौरान यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना
गंतव्य स्थलों तक आसान संपर्क सुविधा :-
दिल्ली मेट्रो का विस्तृत नेटवर्क रेलवे स्टेशनों, प्रमुख बस अड्डों (ISBT), एयरपोर्ट टर्मिनलों, नमो भारत क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS), नोएडा मेट्रो तथा गुरुग्राम रैपिड मेट्रो के साथ सीधी एवं निर्बाध मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी प्रदान कर एक महत्वपूर्ण परिवहन जीवनरेखा के रूप में कार्य कर रहा है।
यह एकीकृत परिवहन ढांचा यात्रियों को विभिन्न परिवहन प्रणालियों के बीच सुगमता से यात्रा करने में सक्षम बनाता है, जिससे निजी वाहनों और पेट्रोल-डीजल आधारित सड़क परिवहन पर निर्भरता में उल्लेखनीय कमी आती है।
इसके अतिरिक्त, डीएमआरसी का व्यापक नेटवर्क प्रमुख व्यावसायिक बाजारों, सरकारी मंत्रालयों एवं प्रशासनिक केंद्रों, कॉर्पोरेट कार्यालयों एवं साइबर-हब, शैक्षणिक संस्थानों, पर्यटन, विरासत एवं सांस्कृतिक स्थलों तक सुरक्षित, विश्वसनीय एवं त्वरित संपर्क भी सुनिश्चित करता है। चांदनी चौक और कनॉट प्लेस से लेकर साइबर सिटी, शैक्षणिक केंद्रों और प्रतिष्ठित स्थलों तक, दिल्ली मेट्रो दिल्ली-एनसीआर में व्यापक शहरी संपर्क सुविधा प्रदान करती रही है।
सुगम यात्रा के लिए मजबूत लास्ट-माइल कनेक्टिविटी
यात्रियों को एंड-टू-एंड सुविधा प्रदान करने के लिए डीएमआरसी ने 160 मेट्रो स्टेशनों पर व्यापक लास्ट-माइल कनेक्टिविटी नेटवर्क विकसित किया है, जिससे वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 1,00,000 यात्रियों को फायदा मिल रहा हैं। इसमें ई-ऑटो, ई-रिक्शा, बाइक टैक्सी, कैब एग्रीगेटर सेवाएं, साइकिल किराया सेवाएं शामिल हैं। डीएमआरसी सारथी ऐप (Sarthi App)के माध्यम से स्मार्ट डोर-टू-डोर इंटीग्रेटेड जर्नी प्लानिंग इन पहलों का उद्देश्य मेट्रो स्टेशन और अंतिम गंतव्य के बीच की दूरी को सहज बनाना तथा हरित परिवहन समाधानों को बढ़ावा देना है। हाल ही में, डीएमआरसी ने आईओसीएल (IOCL) के सहयोग से सेंट्रल विस्टा क्षेत्र में हाइड्रोजन आधारित बस सेवा शुरू की है, ताकि मेट्रो स्टेशनों से सेंट्रल विस्टा क्षेत्र स्थित ऑफिसों तक लास्ट माइल कनेक्टिविटी सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
डीटीसी द्वारा लगभग 1500 देवी बसों का संचालन किया जा रहा है, जो 52 मेट्रो स्टेशनों पर लास्ट माइल कनेक्टिविटी प्रदान कर रही हैं। इसके अतिरिक्त, चरणबद्ध तरीके से और अधिक देवी बसें भी शामिल की जा रही हैं।
पार्क एंड राइड सुविधाएं
निजी वाहनों के उपयोग से बजाय सार्वजनिक परिवहन की ओर लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए दिल्ली-एनसीआर में 126 मेट्रो स्टेशनों पर पार्किंग सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे यात्री अपने वाहन पार्क कर आगे की यात्रा मेट्रो के माध्यम से आसानी से कर सकते हैं।
डिजिटल टिकटिंग एवं यात्री सुविधा
सभी मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की कतारों को कम करने तथा टिकट काउंटरों पर निर्भरता घटाने के लिए डीएमआरसी ने अनेक डिजिटल टिकटिंग सुविधाएं अपनाई हैं, जिनमें शामिल हैं—
1. QR कोड टिकटिंग
2. नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड NCMC
3. वॉट्सऐप टिकटिंग
4. Paytm, PhonePe, Amazon, and IRCTC इंटिग्रेशन
5. ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC)
6. आवश्यकतानुसार अतिरिक्त टिकट काउंटर शिफ्ट
7. अतिरिक्त ग्राहक सुविधा कर्मियों की तैनाती।
इसके अलावा डीएमआरसी सारथी ऐप अब एक पूरी तरह एकीकृत यात्रा प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य कर रहा है, जिसके माध्यम से यात्री एक ही इंटरफेस पर मेट्रो टिकट, ऑटो-रिक्शा, बाइक-टैक्सी तथा स्मार्ट डोर-टू-डोर सेवाएं बुक कर सकते हैं, जिससे फर्स्ट माइल, लास्ट माइल एवं मेट्रो कनेक्टिविटी सुनिश्चित होती है।




साइन इन