दिल्ली में MCD मेयर चुनाव: क्या निगम में फिर खिलेगा कमल? पूरा समीकरण
एमसीडी के मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव अप्रैल के अंत में होने की संभावना है। इसके लिए जल्द अधिसूचना जारी होगी। इस चुनाव में पार्षद, सांसद और विधायक मतदान करेंगे। संख्या बल के आधार पर क्या बन रहे समीकरण?

एमसीडी के मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव के संबंध में इस हफ्ते अधिसूचना जारी होगी। इसे लेकर इस हफ्ते निगम सचिव कार्यालय की तरफ से अधिसूचना जारी होगी। निगम सूत्रों के अनुसार, महापौर-उपमहापौर चुनाव 27 अप्रैल से 30 अप्रैल के दौरान होंगे। इन्हीं तिथियों में सबसे पहले महापौर-उपमहापौर चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामांकन सचिव कार्यालय में होंगे। इससे पहले उपराज्यपाल द्वारा महापौर चुनाव कराने के लिए पीठासीन अधिकारी को नियुक्त किया जाएगा।
कौन कर सकता है वोट?
महापौर चुनाव में कुल 250 पार्षद, 14 विधायक, लोकसभा के दिल्ली के सभी सात सांसद व तीन राज्य सभा सदस्य मतदान करेंगे। अप्रैल के अंत में पीठासीन अधिकारी द्वारा सबसे पहले महापौर चुनाव सदन में कराए जाएंगे। इसके बाद महापौर का चयन होगा। इसके बाद नियम के तहत महापौर, उपमहापौर चुनाव कराएंगे। निगम सूत्रों के अनुसार भाजपा के निगम पार्षदों में से मौजूदा नेता सदन प्रवेश वाही, उपमहापौर जय भगवान यादव, जैसे नेताओं का नाम सामने आ रहा है।
स्थायी समिति के तीन सदस्यों के भी होंगे चुनाव
निगम सूत्रों के अनुसार स्थायी समिति के सदन से चुने जाने वाले तीन सदस्यों के चुनाव भी महापौर चुनाव के साथ ही होंगे। इनके भी उम्मीदवारों के नामांकन महापौर-उपमहापौर चुनाव के उम्मीदवारों के नामांकन के आसपास की तिथियों में होने की उम्मीद है।
तीन सदस्यों के भी चुनाव
दिल्ली नगर निगम के नियमों के तहत 31 मार्च को स्थायी समिति के आधे सदस्य यानी नौ सदस्य सेवानिवृत हुए थे। इसमें से 3 सदस्य सदन से और 6 सदस्य वार्ड समिति से रिटायर हुए थे। सदन से चुने जाने वाले तीन सदस्यों के चुनाव फिर से संपन्न होंगे। इन तीनों सदस्यों के चयन होने के बाद वह स्थायी समिति के सदस्य के पद संभालेंगे।
इतना होता है बहुमत
महापौर चुनाव गुप्त मतदान द्वारा होता है। इसमें पार्षदों पर दल बदल विरोधी कानून लागू नहीं होता है। कुल 250 पार्षद, सात सांसद व तीन राज्य सभा सदस्य व 14 मनोनीत विधायक के तहत कुल 274 वोट होते हैं। इसके तहत 138 वोटों का बहुमत होता है।
अभी सदन में क्या समीकरण?
भाजपा के 123 पार्षद हैं जबकि आम आदमी पार्टी के 100 पार्षद हैं। इसके अतिरिक्त इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (आईवीपी) के 15 पार्षद, कांग्रेस के नौ पार्षद, ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक से एक पार्षद और एक निर्दलीय पार्षद हैं। भाजपा के सभी पार्षदों, सातों सांसद व मनोनीत किए गए 11 विधायकों को मिलाकर कुल 141 वोट हैं। जिसके तहत वे बहुमत का आंकड़ा आराम से छू रहे हैं। इसे देखते हुए, इस वर्ष फिर से भाजपा के उम्मीदवार के महापौर के चयनित होना तय माना जा रहा है।




साइन इन