धमाका होगा, कोई नहीं बचा सकता; दिल्ली के मेयर ऑफिस को मिली बम से उड़ाने की धमकी
मेयर ऑफिस के प्रतिनिधियों के अनुसार महापौर के आधिकारिक ईमेल आईडी पर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ईमेल में कथित तौर पर खालिस्तान नेशनल आर्मी द्वारा धमकी दी गई।

दिल्ली के निगम मुख्यालय सिविक सेंटर स्थित ए-ब्लॉक में बुधवार दोपहर को उस समय अचानक हड़कंप मच गया, जब यहां पर मौजूद महापौर कार्यालय (मेयर ऑफिस) को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। यह ईमेल महापौर की ईमेल आईडी पर सुबह साढ़े सात बजे भेजा गया था और इसमें दोपहर 2 बजकर 11 मिनट पर धमाके की धमकी दी गई थी। हालांकि जांच के बाद वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
कार्यालय के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह धमकी महापौर के आधिकारिक ईमेल आईडी पर दी गई थी, जिसमें कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ईमेल में धमकी भेजने वाले ने खुद की पहचान कथित तौर पर ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ के रूप में बताई थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस की बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीमें महापौर कार्यालय पर पहुंची और पूरे कार्यालय की जांच की। इस जांच में कुछ भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस की टीमें आधे घंटे तक महापौर कार्यालय में रहीं।

पुलिस ने बताया किसके नाम पर भेजा गया मेल
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, 'ई-मेल कथित तौर पर 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' नामक समूह के नाम से भेजा गया है। सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत सूचित कर दिया गया, जिसके बाद महापौर कार्यालय के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और गहन जांच चल रही है।'
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह धमकी भरा ईमेल ‘kruegerkagysg204@gmail.com’ नाम की आईडी से भेजा गया था और इस ईमेल में सबसे ऊपर 'बम ब्लास्ट इन मेयर ऑफिस दिल्ली @2.11' लिखा हुआ था।
मेल में लिखा था- कोई नहीं बचा सकता
इसके अलावा इस ईमेल में जो लिखा हुआ था, वो इस प्रकार है.. बम धमाका यहां, गद्दी आत्मघाती हमला, खलिस्तान सिखां दे दुश्मन, मोदी-शाह-जयशंकर, मनुखी गड्डी आत्मघाती हमले विच मेरे जानेहा, कोई नहीं बचा सकता। ईमेल के अंत में खलिस्तान नेशनल आर्मी का नाम लिखा हुआ था। इसके अलावा ईमेल में नीचे इंजीनियर गुरनाख सिंह, रुकान शाहवाला, डॉ गुरनिरवैर सिंह और खान राजादा का नाम लिखा हुआ था।
पुलिस ने बताया कि साइबर टीमें ईमेल के स्रोत का विश्लेषण कर रही हैं और भेजने वाले का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है।
बम की धमकी झूठी साबित होने के बाद दिल्ली पुलिस ने एक बयान जारी करते हुए कहा, ‘दिल्ली के मेयर को बम से उड़ाने की कथित धमकी वाले ई-मेल के संबंध में यह बताया जाता है कि तुरंत जांच-पड़ताल की गई और जरूरी कार्रवाई की गई।’
बयान में कहा गया कि कमला मार्केट पुलिस स्टेशन के स्टाफ ने, बम निरोधक दस्ते (BDS) और डॉग स्क्वॉड के साथ मिलकर, सिविक सेंटर परिसर की पूरी और व्यवस्थित जांच की। जिसमें पार्किंग एरिया, बेसमेंट, मेयर का दफ़्तर और सिविक सेंटर के अंदर मौजूद दूसरे दफ़्तर शामिल थे। जांच के दौरान, सिविक सेंटर में कोई भी संदिग्ध चीज या गतिविधि नहीं मिली।




साइन इन