2 अप्रैल को मनाई जाएगी हनुमान जयंती, दिल्ली में इन रास्तों पर ट्रैफिक अलर्ट; देखें रूट
Hanuman Janmotsav: हनुमान जयंती 2 अप्रैल को मनाई जाएगी। दिल्ली में कई स्थानों पर ट्रैफिक अलर्ट रहेगा। कुछ रूट्स को डायवर्ट किया गया है। दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी देंखे।

हनुमान जयंती 2 अप्रैल को मनाई जाएगी। इस अवसर पर 2 अप्रैल को राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रहेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, मरघट वाले बाबा हनुमान मंदिर के आसपास धार्मिक आयोजन, शोभायात्राएं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते दिनभर यातायात पर असर पड़ेगा।
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि 2 अप्रैल को सुबह से देर रात तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बाधित रह सकती है। रिंग रोड पर शांति वन से लेकर ISBT कश्मीरी गेट के बीच दोनों कैरिजवे, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग, लोथियन रोड, नेताजी सुभाष मार्ग, निषाद राज मार्ग और बुलेवार्ड रोड जैसे अहम रास्तों पर भीड़ और जाम की स्थिति बन सकती है।
कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन
इसके साथ ही कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किए जाएंगे। इनमें रेल छत्ता चौक, सुभाष कट, जीपीओ चौक, केला घाट, आयरन ब्रिज, बुलेवार्ड रोड-लोथियन रोड टी-प्वाइंट और रिंग रोड पर मंकी ब्रिज के नीचे के इलाके शामिल हैं। यहां जरूरत पड़ने पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को समय-समय पर रोका या नियंत्रित किया जा सकता है, जिससे आसपास के इलाकों में भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ेगा। खासतौर पर ऑफिस जाने वाले लोगों और लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ सकता है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि 2 अप्रैल को इन प्रभावित इलाकों से गुजरने से बचें, यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर लें और जहां संभव हो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट या वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आयोजन को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।




साइन इन