20% अधिक बारिश फिर भी तप रही दिल्ली; मार्च में ही 'लू' जैसे हालात! औसत से ज्यादा गर्म दिन-रात
राजधानी दिल्ली में फरवरी के बाद अब मार्च का महीना भी सामान्य से ज्यादा गर्म रहा है। मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि राजधानी के दिन और रात दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा गर्म रहे हैं।

राजधानी दिल्ली में फरवरी के बाद अब मार्च का महीना भी सामान्य से ज्यादा गर्म रहा है। मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि राजधानी के दिन और रात दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा गर्म रहे हैं। खासतौर पर रात का तापमान तो पिछले चार वर्षों में सबसे ज्यादा रहा है। यह हाल तब है जब अभी तक मार्च के महीने में सामान्य से 20 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। पहले तो फरवरी का महीना सामान्य से ज्यादा गर्म रहा। दिल्ली में फरवरी के महीने में सामान्य अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहता है। लेकिन, इस बार फरवरी महीने का अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।
न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड किया गया था। मार्च के महीने का खासतौर पर पहला पखवाड़ा खासा गर्म रहा। इस दौरान ज्यादातर दिनों में तापमान तीन से आठ डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रहा। विशेषकर 11 मार्च को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो सामान्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा था।
जल्दी आते रहे पश्चिमी विक्षोभ
मार्च के दूसरे पखवाड़े में लगातार कुछ-कुछ अंतराल पर पश्चिमी विक्षोभ आते रहे हैं। इसके चलते दिल्ली में कई स्थानों पर तेज हवा के साथ बारिश और पहले जैसी गर्मी का भी अंत हुआ। इसके बावजूद तेज धूप के चलते मार्च का महीना सामान्य से ज्यादा गर्म बना हुआ है। मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि मार्च के महीने में अभी तक का औसत अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस है। यह सामान्य से लगभग सवा दो डिग्री ज्यादा है क्योंकि मार्च के महीने में औसत अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए। जबकि, मार्च महीने का अभी तक का औसत न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा है। यह भी सामान्य से लगभग सवा दो डिग्री ज्यादा है। क्योंकि, मार्च के महीने का औसत न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहता है। वर्ष 2022 के बाद इस बार के मार्च महीने की रातें सबसे ज्यादा गर्म हैं।
बीस फीसदी ज्यादा बारिश
दिल्ली में गर्म मौसम को ऐसे भी समझा जा सकता है कि अभी तक मार्च के महीने में सामान्य से बीस फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। इसके बावजूद मौसम सामान्य से ज्यादा गर्म है। मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि 29 मार्च तक 16.2 मिमी बारिश सामान्य तौर पर होती है। जबकि, इस बार 19.5 मिमी बारिश हो चुकी है।
आज फिर तेज हवा के साथ हल्की वर्षा के आसार
दिल्ली के मौसम में सोमवार को बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को दिल्ली के अलग-अलग स्थानों पर तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके लिए विभाग की ओर से येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। 12 मार्च के बाद अब एक बार फिर से अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। वहीं, न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो कि सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 36 से 83 फीसदी तक रहा।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते दिखेगा बदलाव
मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते दिल्ली के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इसके चलते दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
साफ-सुथरी बनी हुई है दिल्ली की हवा
मौसम के कारकों के चलते दिल्ली की हवा लगातार साफ-सुथरी बनी हुई है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक रविवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 198 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के बीच वायु गुणवत्ता का यह साफ-सुथरा स्तर बना रहेगा।




साइन इन