चचेरे भाई से शादी करना चाहती थी बेटी, पिता-भाई ने कर दी हत्या; दिल्ली में खौफनाक कांड
दिल्ली के हरि नगर इलाके में चचेरे भाई से शादी की जिद्द करने पर युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतका के पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

दिल्ली के हरि नगर इलाके में चचेरे भाई से शादी की जिद्द करने पर युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतका के पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों 55 साल के मोहम्मद मनीर और उसके बेटे 19 साल के मेराज अली ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने हत्या की धारा में दोनों को जेल भेज दिया है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी मोहम्मद मनीर अपने परिवार के साथ तिहाड़ गांव में रहता है और सब्जी बेचने का काम करता है। जबकि उसका बेटा मेराज अली एक निजी कंपनी में हेल्पर के तौर पर कार्यरत है। जांच में सामने आया है कि मृतका पिछले करीब दो सालों से अपने ही गांव के एक युवक के साथ प्रेम संबंध में थी। यह युवक मृतका का रिश्ते में चचेरा भाई लगाता था। इस रिश्ते का परिवार लगातार विरोध कर रहा था और कई बार युवती को समझाने की कोशिश भी की गई थी। बताया जा रहा है कि परिवार को यह संबंध मंजूर नहीं था और इसी को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था।
परिजनों का विरोध बना हत्या की वजह
परिजनों ने जब लड़की से अपने रिश्ते को खत्म करने के लिए कहा और उस पर पाबंदी लगा दी। लेकिन लड़की ने अपना रिश्ता खत्म करने से इनकार कर दिया। इस बात को लेकर लड़की और परिजनों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान गुस्से में आकर परिजनों ने उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पिता और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की, पूछताछ के बाद शुक्रवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। साथ ही, घटना से जुड़े अन्य संभावित तथ्यों और साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है।




साइन इन