खेल-खेल में गले में फंस गई चुन्नी, दिल्ली में मासूम की दर्दनाक मौत
दिल्ली के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र के कांति नगर स्थित शांति मोहल्ला में गले में चुन्नी का फंदा फंसने से 10 साल के एक मासूम बच्चे की मौत हो गई।

दिल्ली के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र के कांति नगर स्थित शांति मोहल्ला में गले में चुन्नी का फंदा फंसने से 10 साल के एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने सूचना के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक बच्चे की पहचान 10 साल के अरहान के रूप में हुई है। वह पांचवीं कक्षा का छात्र था। अरहान अपने पिता शाहिद हुसैन और परिवार के साथ मकान संख्या-4393, गली संख्या-22, शांति मोहल्ला में रहता था। इसी इमारत की अलग-अलग मंजिलों पर उनके अन्य रिश्तेदार भी रहते हैं। गुरुवार शाम करीब 6 बजे अरहान घर की चौथी मंजिल पर अकेला था। उसकी बहन अस्पताल में भर्ती थी, जिसकी देखभाल के लिए उसकी मां अस्पताल में थी। उसकी दादी एक शादी समारोह में गई थीं।
एक घंटे पहले ताई से बनवाकर पी थी चाय
हादसे से महज एक घंटे पहले ही अरहान ने अपनी ताई से चाय बनवाकर पी थी। इसके बाद वह अपने कमरे में टंगी एक चुन्नी से लटक कर खेल रहा था। इसी खेल-खेल में चुन्नी कमरे में लगे पंखे में फंसी और उसके गले में उलझ गई। फिर पैर फिसलने के चलते फंदा कसने से उसका दम घुट गया।
जब परिवार के सदस्य घर वापस लौटे तो उन्होंने अरहान को बेहोशी की हालत में पाया। आनन-फानन में उसे चुन्नी के फंदे से निकालकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हंसते-खेलते बच्चे की अचानक हुई इस मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।




साइन इन