delhi ncr Earthquake Tremors richter scale दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भूकंप के झटके, जम्मू से पंजाब तक हिली धरती, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भूकंप के झटके, जम्मू से पंजाब तक हिली धरती

दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर से शुक्रवार रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। इसके अलावा, उत्तर भारत के कई राज्यों में धरती हिली है।

Fri, 3 April 2026 10:45 PMAditi Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भूकंप के झटके, जम्मू से पंजाब तक हिली धरती

दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर से शुक्रवार रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। इसके अलावा, उत्तर भारत के कई राज्यों में धरती हिली है। जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ तक में भूकंप महसूस किया गया। इन झटकों से अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। शुरुआती रिपोर्ट्स में कहीं भी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान बताया जा रहा है। वहीं रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी गई है।

जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान-तजाकिस्तान का बॉर्डर क्षेत्र था जिसके झटके दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में काफी देर तक महसूस हुए। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, पुंछ और कश्मीर घाटी में भी धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई।इसके अलावा पाकिस्तान के इस्लामाबाद समेत कई इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस हुए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भारी संख्या में शिक्षक दिल्ली रवाना, टेट अनिवार्यता के खिलाफ आज होगी मेगा रैली

रात करीब 9.45 बजे आए भूकंप के झटके इतने तेज थे कि नोएडा, चंडीगढ़, लुधियाना और जम्मू और कश्मीर के पुंछ, श्रीनगर और उधमपुर सहित कई इलाकों में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

लोगों ने क्या कहा?

चंडीगढ़ निवासी बलदेव चंद ने बताया, मुझे कुछ सेकंड तक तेज झटके महसूस हुए। वह दूसरी मंजिल पर एक फ्लैट में रहते हैं। जम्मू-कश्मीर के एक अधिकारी ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 5.9 थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:काजू का एक पैकेट चुराने का आरोप, महिला को कमरे में बंदकर बेहोश होने तक पीटा

अधिकारी ने बताया कि भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में 36.398 डिग्री उत्तरी अक्षांश (Latitude) और 70.878 डिग्री पूर्वी देशांतर (Longitude) पर स्थित था। उन्होंने आगे बताया कि भूकंप की गहराई 150 किलोमीटर थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:उसका जवाब हां आ जाए, तो शायद मैं बच जाऊं; बर्थडे पर स्टेटस लगा युवक ने दे दी जान

अफगानिस्तान में केंद्र तो उत्तर भारत में क्यों महसूस हुए भूकंप के झटके?

जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेस (GFZ) के अनुसार, शुक्रवार को अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा क्षेत्र और हिंदू कुश इलाके में 5.9 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र जमीन के काफी अंदर, लगभग 177 किलोमीटर की गहराई पर था।एक्सपर्ट्स के मुताबिक जब भूकंप इतनी अधिक गहराई पर आता है, तो उसकी वेव बहुत दूर तक सफर करती हैं। यही वजह है कि इसके झटके न केवल पड़ोसी देशों में, बल्कि उत्तर भारत के कई हिस्सों में भी काफी तेज महसूस किए गए।

गाजियाबाद में भी भूकंप के झटके

गाजियाबाद में भी शुक्रवार रात करीब 9.50 बजे भूकंप के झटके महसूस हुए। अचानक भूकंप के झटके महसूस होते ही महानगर की सोसाइटी में रहने वाले निवासी अपने अपने घरों से बाहर निकल कर खुले स्थान पर आ गए। काफी देर बाद ही लोग अपने घर वापस लौटे। देर रात तक सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा होती रही।

राजनगर एक्सटेंशन,राजनगर,संजय नगर, गोविंदपुरम, नंदग्राम, सिहानी,पटेल नगर के अलावा क्रॉसिंग रिपब्लिक, सिद्धार्थ विहार, वसुंधरा, इंदिरापुरम, वैशाली व कौशांबी समेत महानगर के अलग अलग इलाकों में लोगों को भूकंप आने का पता चला। राजनगर एक्सटेंशन स्थित के ब्रेव हार्ट सोसाइटी में रहने वाले दीपांशु मित्तल ने बताया कि वे सोसाइटी के पार्क में खाना खाकर टहल रहे थे। इसी दौरान 9.50 बजे उन्हें भूकंप आने का अहसास हुआ। आसपास हलचल होने से स्पष्ट हो गया कि भूकंप ही था। इसके बाद उन्होंने अपने आप पड़ोसियों को भी फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद अन्य लोग भी अपने-अपने घरों से बाहर निकाल कर पार्क में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झटके कुछ सेकंड तक ही महसूस हुए, लेकिन उनका असर इतना तेज था कि लोगों के बीच दहशत फैल गई। कई लोगों ने बताया कि पंखे, लाइटें और घरों में रखे सामान हिलने लगे, जिससे उन्हें तुरंत भूकंप का अंदेशा हो गया। कुछ इलाकों में लोग काफी देर तक बाहर ही खड़े रहे और स्थिति सामान्य होने का इंतजार करते रहे।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।