delhi crime two daughters die mother attempts suicide in malviya nagar दिल्ली के मालवीय नगर में दो बेटियों की संदिग्ध मौत, मां ने की खुदकुशी की कोशिश, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली के मालवीय नगर में दो बेटियों की संदिग्ध मौत, मां ने की खुदकुशी की कोशिश

दिल्ली के मालवीय नगर में गुरुवार को दो सगी बहनों की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। पुलिस को एक का शव बिस्तर और दूसरे का फंदे पर मिलाए जबकि उनकी मां बेहोश मिलीं। शुरुआती जांच में आशंका है कि मां ने बेटियों की हत्या के बाद खुदकुशी की कोशिश की। 

Fri, 6 March 2026 12:03 AMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, राजन शर्मा, नई दिल्ली
share
दिल्ली के मालवीय नगर में दो बेटियों की संदिग्ध मौत, मां ने की खुदकुशी की कोशिश

दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में गुरुवार शाम दो बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस ने घर के अंदर से दोनों के शव बरामद किए, जबकि उनकी मां बेहोश हालत में मिलीं। उन्हें तुरंत अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने दरवाजा तोड़ अंदर प्रवेश किया

पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6:10 बजे मालवीय नगर थाने में एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया कि एक घर का दरवाजा काफी देर से नहीं खुल रहा है और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घर का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे पुलिस ने दरवाजा बल प्रयोग कर खोला और अंदर दाखिल हुई।

अलग-अलग कमरों में मिली लाशें

जांच के दौरान घर के अलग-अलग कमरों में दोनों की लाशें मिलीं। एक महिला के चेहरे पर तकिया रखा हुआ था, जबकि दूसरी महिला के गले में फंदा लगा हुआ था। दोनों की पहचान सगी बहनों के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 34 और 28 वर्ष बताई जा रही है।

बेहोश मिली मां

पुलिस को घर के एक कमरे में उनकी 54 वर्षीय मां भी बेहोश हालत में मिलीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मां ने पहले अपनी दोनों बेटियों की हत्या की और उसके बाद खुद आत्महत्या करने की कोशिश की।

सभी पहलुओं से जांच

हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक छोटी बेटी ने हाल ही में लॉ में स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी, जबकि बड़ी बेटी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है। घटना के समय उनके पिता घर पर मौजूद नहीं थे। वह मालवीय नगर इलाके में ही गारमेंट की दुकान चलाते हैं और किसी काम से बाहर गए हुए थे।

पुलिस कर रही छानबीन

मामले की सूचना मिलते ही क्राइम टीम और एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मां के बयान के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली के अंबेडकर नगर थाने में वकील को पीटा, 4 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
ये भी पढ़ें:परिवार ने जताई थी हत्या की आशंका, हुई थी मारपीट; मंडोली जेल में कैदी की मौत
ये भी पढ़ें:छत्तीसगढ़ सदन के कैंटीन संचालक की लाश के किए थे टुकड़े, यमुना में फेंके 3 बैग
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।