दिल्ली के अंबेडकर नगर थाने में वकील को पीटा, इंस्पेक्टर समेत 4 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
दिल्ली के अंबेडकर नगर थाने में एक वकील को बंधक बनाकर पीटने के आरोप में इंस्पेक्टर सहित चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साकेत कोर्ट के वकीलों ने पुलिस पर बदसलूकी और मारपीट का आरोप लगाया।

दिल्ली के अंबेडकर नगर थाने में तैनात पुलिसकर्मियों पर वकीलों को बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगा है। वारदात के दौरान थाने में एसीपी पर भी थाने में होने का आरोप लगा है। साकेत कोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्य मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पीड़ित वकील को छुड़ाया गया। विवाद बढ़ने के बाद एक बार फिर दिल्ली पुलिस और वकील आमने सामने आ गए।
जांच के आदेश
विवाद की सूचना मिलते ही दक्षिणी दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त खुद मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की फैक्ट-फाइंडिंग जांच के आदेश दे दिए हैं। पुलिस उपायुक्त ने मामेल में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अम्बेड़कर नगर थाने में तैनात इंस्पेक्टर सहित चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
क्या थी विवाद की वजह?
पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक मामले की जांच के दौरान जांच अधिकारी एसआई सुनील सोमवार दोपहर दो बजे एक शख्स को उसके घर से उठाकर थाने ले आए। जिसके बाद उसके वकील उससे मिलने के लिए थाने पहुंचे। वकीलों का आरोप है कि दोपहर दो बजे से शाम करीब 7.30 बजे तक एसआई सुनील ने उन्हें थाने में इंतजार करवाया।
मुवक्किल से बात करने के दौरान विवाद
इस दौरान उन्हें कई बार फोन किया गया, उन्होंने फोन नहीं उठाया। करीब शाम 7.40 बजे जब वह लॉकअप में बंद अपने मुवक्किल से बात कर रहे थे। इसी दौरान एसआई सुनील वहां आ गए। एसआई सुनील ने वकील देवराज, राहुल और उनके एक नवनीत सहयोगी से बदसलूकी की। उन्होंने विरोध किया तो उन्हें जबरन धक्का देकर थाने से बाहर किया जाने लगा।
झगड़ा करने का आरोप
इस दौरान थाने में मौजूद एसीपी से उन्होंने एसआई सुनील की शिकायत की। पीड़ित का आरोप है कि एसीपी ने उन्हें बाहर इंतजार करने के लिए कहा। वह बाहर इंतजार कर रहे थे, इसी दौरान इंस्पेक्टर मुनीश कुमार वहां आ गए और उन्होंने राहुल और देवराज के साथ झगड़ा शुरू कर दिया।
थाने से बाहर निकालने का आरोप
वकीलों का आरोप है कि झगड़े के दौरान इंस्पेक्टर ने देवराज को आईओ के रूम में बंधक बना लिया और उसे जमकर पीटा। बाकि दोनों वकीलों को थाने से बाहर निकाल दिया गया। दोनों वकीलों ने साकेत कोर्ट की बार एसोसिएशन के सदस्यों को फोन किया। बार के अध्यक्ष और सचिव सदस्य वकीलों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे और पुलिस उपायुक्त से पूरे मामले पर बात की। पुलिस उपायुक्त देर रात थाने पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली।
मामले की जांच के आदेश
पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने तुरंत मामले पर संज्ञान लिया और प्रारंभिक स्तर पर परिस्थितियों की समीक्षा की गई। मामले में विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। उपायुक्त ने प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर मुनीश कुमार, सब-इंस्पेक्टर सुनील, हेड कांस्टेबल किशन चंद सहित एक अन्य को लाइन हाजिर कर दिया।




साइन इन