chhattisgarh sadan canteen operator anurup gupta murder woman live in partner main conspirator छत्तीसगढ़ सदन के कैंटीन संचालक की लाश के किए थे टुकड़े, यमुना में फेंके 3 बैग, Ncr Hindi News - Hindustan
More

छत्तीसगढ़ सदन के कैंटीन संचालक की लाश के किए थे टुकड़े, यमुना में फेंके 3 बैग

दिल्ली के छत्तीसगढ़ सदन कैंटीन संचालक की उनके दोस्त हैप्पी और लिव-इन पार्टनर राखी ने हत्या कर दी थी। आरोपियों ने पार्टी के बहाने बुलाकर उन्हें बंधक बनाया और लाश के टुकड़े कर यमुना नदी में फेंक दिए थे। 

Mon, 2 March 2026 07:42 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, राजन शर्मा, नई दिल्ली
share
छत्तीसगढ़ सदन के कैंटीन संचालक की लाश के किए थे टुकड़े, यमुना में फेंके 3 बैग

छत्तीसगढ़ सदन की कैंटीन संचालक अनुरूप गुप्ता की हत्या के मामले में पुलिस ने महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। महिला राखी का लिव इन पार्टनर हैप्पी इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता है। महिला ने फोन कर अनरूप गुप्ता को अपने घर पार्टी के लिए बुलाया था। जहां आरोपियों ने उसे बंधक बनाकर उसके साथ लूटपाट की और फिर पैसे न देने पर उसकी हत्या की दी। आरोपियों ने उसके शव के टुकड़े किए और फिर तीन बैग में भरकर वृंदावन स्थित यमुना नदी में फेंक दिया।

छत्तीसगढ़ सदन में कैंटीन चलाता था आरोपी

पुलिस ने चारों आरोपियों हैप्पी, राखी, भूपेन्द्र और बलराम को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि 48 वर्षीय अनरूप गुप्ता द्वारका सेक्टर 14 स्थित राधिका अपार्टमेंट में रहता था। वह नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में कैंटीन चलाता था।

लूट की साजिश में कत्ल

उसका परिवार द्वारका में ही दूसरे घर पर रहता था। हत्याकांड़ के मुख्य आरोपी हैप्पी उर्फ सूरज लगभग एक वर्ष पहले अनरूप से मिला था, दोनों के बीच दोस्ती हो गई। सूरज ने अनरूप को हमेश बड़ी गाड़ी, सोने की ज्वैलरी और कैश के साथ देखा था। जिसकी जानकारी उसने अपने दोस्तों को बताई। सभी ने मिलकर उसके साथ लूट की साजिश रची।

पार्टी के बहाने बुलाया और टार्चर

इसी साजिश के तहत हैप्पी ने अपनी लिव इन पार्टनर राखी से अनरूप की मुलाकात कराई। हैप्पी और राखी मटियाला एक्सटेंशन में किराए के मकान में रहते हैं। सभी अक्सर इसी घर पर पार्टी करने लगे। योजना के अनुसार आरोपियों ने 18 फरवरी को गुप्ता को अपने घर पार्टी के बहाने बुलाया। जहां चारों आरोपियों ने उसे रस्सियों से बांधकर उगाही के लिए प्रताड़ित किया।

चाकू मारकर हत्या

गुप्ता ने उन्हें बताया कि उसकी सोने की अंगूठियां और ब्रेसलेट छत्तीसगढ़ सदन में खड़ी उसकी एसयूवी कार में हैं। आरोपी कार को मटियाला ले आए और सोने के गहने निकाल लिए। इसके बाद आरोपियों ने अनरूप गुप्ता से पैसे मांगे तो उसने पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

लौहार से खरीदा था बड़ा चाकू

पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी हैप्पी ने द्वारका इलाके में फुटपाथ पर दुकान चलाने वाले एक लौहार से खरीदा था। इसी लौहार के पास से एक बड़ा चाकू खरीदा और उसके बाद एक दुकान से तीन बड़े बैग खरीदे। आरोपियों ने किराए के मकान में अनरूप के शव के टुकड़े कर अंगों को तीन बैगों में पैक कर दिया। जिसके बाद अनरूप की ही कार से शव के टुकड़ों को वृंदावन यूपी के पास यमुना नदी में ठिकाने लगा दिए।

दृश्यम मूवी की तर्ज पर दिया हत्या कांड को अंजाम

आरोपियों ने कत्ल की वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए बॉलीवुड मूवी दृश्यम मूवी की तर्ज पर काम किया। आरोपियों ने मृतका का फोन ऑन कर उसे कार के अंदर ही छोड़ दिया। इससे पहले उन्होंने फोन से छत्तीसगढ़ सदन कैंटीन के कर्मचारियों को संदेश भेजा और कैंटीन बंद कर घर जाने के लिए कहा। इसके अलावा गुप्ता के परिवार को भी संदेश भेजा, जिसमें कहा गया कि वह छुट्टियां मनाने गोवा जा रहा है और उसे परेशान न किया जाए।

गुमशुदगी की रिपोर्ट से मर्डर केस का खुलासा

अनरूप का जब कई दिन तक भी परिवार से संपर्क नहीं हुआ तो गत 23 फरवरी को द्वारका नॉर्थ थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। उनकी कार भी गायब थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए खुद पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह के नेतृत्व में जांच का जिम्मा जिले की एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर सुभाष चंद, एसआई सुनील, दिनेश, हेडकांस्टेबल राजूराम की टीम को सौंपा गया था। टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।

सीसीटीवी कैमरे से चला पता

पता चला कि अनरूप ने 18 फरवरी को ''बाइक राइड'' बुक की थी और छत्तीसगढ़ सदन से मटियाला एक्सटेंशन गए थे। सीसीटीवी कैमरा फुटेज में उसे वहां एक इमारत में प्रवेश करते हुए देखा गया। मगर वह इमारत से बाहर आते हुए नजर नहीं आए। बाद में चार अन्य व्यक्तियों को भी उसी इमारत में प्रवेश करते देखा गया।

यमुना नदी से बरामद की लाश

सीसीटीवी फुटेज की जांच में अनरूप गुप्ता की कार 19 - 20 फरवरी की रात यमुना एक्सप्रेस वे की ओर जाते हुए देखी गई। जांच में पता चला कि कार वृंदावन गई थी। कुछ ही घंटों बाद नोएडा लौट आई। दिल्ली पुलिस ने यूपी मथुरा पुलिस के सहयोग से अनरूप गुप्ता का शव यमुना नदी से क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता हैप्पी को दबोच लिया। आरोपी ने भूपेंद्र, बलराम, नीरज और अपनी महिला मित्र राखी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिंदू बनकर दीक्षा को छला, फिर बेरहमी से कत्ल; गाजियाबाद के इमरान को उम्रकैद
ये भी पढ़ें:परिवार ने जताई थी हत्या की आशंका, हुई थी मारपीट; मंडोली जेल में कैदी की मौत
ये भी पढ़ें:सपने में अपना कत्ल होते हुए देखा तो सुबह होते ही किया भतीजे पर हमला, मौत
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।