दिल्ली के मंगोलपुरी में स्कूल के सामने छात्र पर हमला; सिर में फंसा चाकू, मौत
दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक सरकारी स्कूल के बाहर सोमवार को दोपहर के वक्त 10वीं के छात्र के सिर में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।

दिल्ली के मंगोलपुरी में सोमवार को एक दर्दनाक घटना घटी जहां एक सरकारी स्कूल के बाहर 10वीं कक्षा के एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। 15 वर्षीय छात्र स्कूल से घर लौट रहा था तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उस पर चाकू से वार किया और फरार हो गए। घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में इसे पुरानी रंजिश का मामला माना जा रहा है।
अज्ञात हमलावरों ने किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, 15 साल का सुधांशु अपने परिवार के साथ मंगोलपुरी के ओ-ब्लॉक में रहता था। वह सर्वोदय बाल विद्यालय में 10वीं कक्षा का छात्र था और इस साल अपनी बोर्ड परीक्षा देने वाला था। सोमवार को स्कूल में विदाई समारोह (फेयरवेल) के बाद वह करीब एक बजे बाहर निकला। इसी बीच पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावराें ने चाकू से हमला किया।
सिर में फंसा चाकू तो भागे
हमले के दौरान ही चाकू सिर में फंस गया। हमलावर उसे वहीं छोड़कर भाग निकले। स्थानीय लोगों की मदद से सुधांशु को पास के अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। शुरुआती जांच में पुरानी दुश्मनी की वजह से हत्या की बात सामने आई है।
पुलिस ने जुटाए सुबूत
क्राइम एवं फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल से खून के नमूने, चाकू पर उंगलियों के निशान और दूसरे सबूत इकट्ठा किए हैं। पुलिस की टीमें हमलावरों की पहचान करने के लिए स्कूल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। स्कूलों के आसपास निगरानी बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। घटना से इलाके में डर का माहौल है। छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।




साइन इन