दिल्ली में बाइक सवार की मौत: सब-कॉन्ट्रैक्टर अरेस्ट, हादसे की सूचना पर कुछ नहीं किया
जनकपुरी बाइक सवार मौत मामले में पुलिस ने सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला है कि घटना की रात मजदूरों और ठेकेदार को हादसे की जानकारी मिल गई थी लेकिन उन्होंने किसी को सूचना नहीं दी और फरार हो गए।

दिल्ली जनकपुरी हादसे में पुलिस ने सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला है कि एक चश्मदीद ने रात में ही हादसे की सूचना गार्ड को दी थी। मोबाइल रिकॉर्ड के अनुसार, राजेश प्रजापति को रात 12.22 बजे घटना की जानकारी मिल गई थी फिर भी उसने किसी को नहीं बताया। यही नहीं मजदूर भी मौके से भाग गए थे। पुलिस अब अन्य दोषियों की तलाश कर रही है।
सब-कॉन्ट्रैक्टर अरेस्ट
वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस, शरद भास्कर दराडे ने जनकपुरी हादसे में एक नए डेवलपमेंट की जानकारी देते हुए कहा कि गड्ढे में गिरकर बाइकर की मौत के मामले में हमने एक सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति से पूछताछ की है। उसे गिरफ्तार किया जा रहा है। जांच के दौरान टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर हमें रोहिणी के विपिन सिंह नाम के एक चश्मदीद मिले। उन्होंने उस रात की घटना देखी और एक गार्ड को हादसे की जानकारी दी थी।
सब-कॉन्ट्रैक्टर को थी हादसे की जानकारी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि विपिन सिंह रोहिणी में एक शादी अटैंड कर के सागरपुर वापस अपने घर जा रहे थे। विपिन सिंह अपने चार पहिया वाहन में सवार थे। उन्होंने देखा कि एक मोटरसाइकिल गड्ढे में गिर रही है। उन्होंने आगे जाकर एक गार्ड को हादसे की जानकारी दी। इसके बाद गार्ड ने योगेश नाम के एक मजदूर को बताया। योगेश ने नाले में हेडलाइट ऑन वाली एक मोटरसाइकिल देखी। योगेश ने रात 12:22 बजे राजेश प्रजापति को घटना की जानकारी दी।
सूचना के बाद भी कुछ नहीं किया
यह मोबाइल कॉल रिकॉर्ड से भी कन्फर्म हो गया है। इसके बाद सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति मौके पर पहुंचा था। योगेश और सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति दोनों को ही हादसे की जानकारी हो चुकी थी। यह जानने के बावजूद कि एक मोटरसाइकिल और बाइक सवार वहां गिर गए हैं राजेश प्रजापति ने किसी को हादसे की जानकारी नहीं दी। सुबह जब पुलिस को पीसीआर कॉल मिली तब जाकर हादसे के बारे में पता चला।
सभी जिम्मेदार आरोपी होंगे अरेस्ट
जांच में यह भी पता चला है कि बाद में मजदूर योगेश भी मौके से फरार हो गया। आरोपियों को ढूंढने के लिए टीमें भेजी गई हैं। इस लापरवाही के मामले में जो लोग भी शामिल होंगे। सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। योगेश इटावा का रहने वाला है। उसको पकड़ने के लिए भी टीमें भेज दी गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की छानबीन कर रही है। कुछ फुटेज मिलें हैं। तस्वीरें ब्लर हैं इसकी जांच चल रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन