दिल्ली के मोती नगर इलाके में DDA पार्क में चाकूबाजी की 2 वारदातें, एक की मौत
दिल्ली के मोती नगर के एक पार्क में रविवार शाम को चाकूबाजी की दो घटनाएं हुईं जिनमें एक नाबालिग लड़के की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

दिल्ली के मोती नगर स्थित डीडीए पार्क में रविवार शाम को चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाएं हुईं जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। इन हमलों में एक नाबालिग लड़के की मौत हो गई जबकि मोहम्मद दानिश नाम का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल दानिश को बेहतर इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इन मामलों की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
एक ही पार्क में चाकूबाजी की दो वारदातें
पुलिस ने बताया कि मोती नगर इलाके के एक पार्क में रविवार को चाकूबाजी की दो अलग-अलग वारदातें हुईं। इन वारदा में एक लड़के की जान चली गई जबकि एक अन्य शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस को शाम के समय अस्पताल से जानकारी मिली कि इंद्रलोक के रहने वाले एक नाबालिग को मृत अवस्था में लाया गया है जिसके कंधे के पास चाकू से हमला किया गया था। फिलहाल पुलिस इन दोनों मामलों की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, रविवार शाम को करीब 7.50 बजे इंद्रलोक के रहने वाले 25 वर्षीय मोहम्मद दानिश पर चाकू से हमला किया गया। दानिश की पीठ पर चोट आई थी जिसके बाद उसे पहले आचार्य भिक्षु अस्पताल ले जाया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया जहां अभी उसका उपचार चल रहा है।
आरोपियों की पहचान की कोशिश
दोनों घटनाएं DLF मोती नगर के पास स्थित DDA पार्क में हुई थीं। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और दोषियों को पकड़ने के लिए टीमें बना दी गई हैं। फिलहाल पुलिस हमले की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। जांच से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि टीमें कई एंगल से मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस की टीमें आरोपियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं।




साइन इन