बहू से झगड़ा सुलझाने पहुंची मां की फर्श पर पटक बेटे ने ली जान; दिल्ली में खौफनाक वारदात
नई दिल्ली के सीमापुरी में एक दिल दहला देने वाली घटना में एक युवक ने अपनी पत्नी से विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची 60 वर्षीय मां को जमीन पर पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

दिल्ली के सीमापुरी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक बेटे ने अपनी ही मां की जान ले ली। हुआ यह कि आरोपी का अपनी पत्नी से ईद पर नए कपड़े बनवाने को लेकर विवाद हो गया। झगड़ा बढ़ता देख आरोपी की 60 वर्षीय मां बीच-बचाव करने पहुंचीं। गुस्से में बेकाबू होकर बेटे ने अपनी मां को उठाकर फर्श पर पटक दिया जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आ गई। इस घटना में मौके पर ही बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतका की पहचान हमीदुन निशा के रूप में हुई है जो नई सीमापुरी में परिवार के साथ रहती थीं। परिवार में उनका बेटा शेर अली बहू संजीदा तीन पोते-पोती और अन्य परिजन हैं। शेर अली गाजियाबाद के लोनी इलाके में दर्जी का काम करता है।
नए कपड़े बनवाने की बात पर विवाद
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात आरोपी की पत्नी ने ईद के लिए नए कपड़े बनवाने के लिए कहा। शेर अली ने पैसे नहीं होने की बात कही तो दोनों के बीच बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों में मारपीट शुरू हो गई। झगड़ा बढ़ता देख 60 साल की हमीदुन निशा बीच-बचाव करने पहुंचीं और दोनों को शांत कराने की कोशिश करने लगीं।
आगबबूला बेटे ने मां को फर्श पर पटका
इस दौरान आरोपी बेटा शेर अली गुस्से से आगबबूला हो गया। शेर अली अपनी मां पर ही भड़क गया। उसने मां को वहां से हटने के लिए कहा लेकिन जब मां ने उसकी बात नहीं मानीं तो उसने मां को उठाकर फर्श पर पटक दिया। गिरने के बाद हमीदुन निशा बेहोश हो गईं। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन तुरंत उनको नजदीकी अस्पताल ले गए जहां हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया।
हत्या के आरोप में शिकायत दर्ज
परिजन हमीदुन निशा को जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीमापुरी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने घटना की जांच शुरू की। मृतका की बेटी शबनम ने अपने भाई के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। इस शिकायत पर पुलिस हरकत में आ गई।
आरोपी गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी शेर अली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने कबूला कि उसने गुस्से में आकर मां को जमीन पर पटक दिया था। पुलिस के अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद हमीदुन निशा की लाश को उसके परिजनों को सौंप दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन जारी है।




साइन इन