दिल्ली के नेब सराय में लड़की के किडनैप की कोशिश, शोर मचाने पर बची जान
दिल्ली के जवाहर पार्क में मंगलवार शाम को एक 14 वर्षीय किशोरी के अपहरण की कोशिश हुई। किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी भाग गया जिससे नाराज सिख समुदाय ने थाने का घेराव किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दिल्ली के नेब सराय थाना क्षेत्र के जवाहर पार्क इलाके में मंगलवार शाम 14 वर्षीय किशोरी के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना से नाराज सिख समुदाय के लोगों ने नेब सराय थाने का घेराव कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार की मांग की। हालांकि देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
किशोरी को जबरन ले जाने की कोशिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 6 बजे एक व्यक्ति ने नेब सराय में रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी को जबरन ले जाने की कोशिश की। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, जिसके बाद आरोपी वहां से भागने की कोशिश करने लगा।
आरोपी गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और सिख समुदाय के सदस्य नेब सराय थाने पहुंचे और पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस के अनुसार, आरोपी को देर रात सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की मदद से पहचान के बाद गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल खबर लिखे जाने तक पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही थी। मामले में आगे की जांच जारी है।
आठवीं कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म
दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में 8वीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को दुष्कर्म और पोक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, 13 वर्षीय पीड़िता अपने परिवार के साथ शालीमार बाग में रहती है और स्थानीय निजी स्कूल में 8वीं कक्षा की छात्रा है। परिवार के पड़ोस में रहने वाला 24 वर्षीय अनिल इस मामले में आरोपी है।
जान से मारने की धमकी
आरोपी अनिल पीड़िता का पड़ोसी है। वह अक्सर पीड़िता के घर आता-जाता था। शनिवार को जब पीड़िता के माता-पिता काम पर गए थे तब आरोपी ने घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने सोमवार को परिजनों को इस घटना के बारे में बताया जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मेडिकल और काउंसलिंग के बाद मामला दर्ज कर लिया है। टीम आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।




साइन इन