दिल्ली के छतरपुर में 322 करोड़ का मेगा प्लान, इस रोड पर बनेगा डबल डेकर फ्लाईओवर
दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 51 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया जिससे इनकी संख्या 370 हो गई है। साथ ही छतरपुर में 322 करोड़ की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की।

दिल्ली के स्वास्थ्य क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दक्षिण दिल्ली स्थित फतेहपुर बेरी गांव से राजधानी को 51 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की सौगात दी। इन नए केंद्रों की शुरुआत के बाद से दिल्ली में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की कुल संख्या बढ़कर 370 हो गई है, जो मात्र आठ महीनों में हासिल की गई बड़ी उपलब्धि है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने छतरपुर विधानसभा में भी 322 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की शुरुआत की।
छतरपुर में 322 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दक्षिण दिल्ली में ही छतरपुर विधानसभा क्षेत्र में 322 करोड़ रुपये से अधिक लागत की बहुप्रतीक्षित विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़कों का निर्माण और मरम्मत, नालियों का निर्माण और सुधार, ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए जरूरी सुधार, स्कूलों का अपग्रेडेशन और सार्वजनिक सुविधाओं का विकास शामिल है। साथ ही विधानसभा की कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार भी सुनिश्चित किया जाएगा।
डबल डेकर फ्लाईओवर को भी मंजूरी
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार ने महरौली-बदरपुर रोड पर 1471 करोड़ रुपये की लागत से डबल डेकर फ्लाईओवर को भी मंजूरी दी है। छतरपुर विधानसभा क्षेत्र को 3 नए स्कूलों की भी सौगात दी गई है। इसके अतिरिक्त, छतरपुर और आसपास के क्षेत्रों में 4 एलिवेटेड रोड परियोजनाएं भी मंजूर की गई हैं।
स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आयुष्मान केंद्र का निरीक्षण कर मौजूद स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। सीएम ने यह भी देखा कि सभी जरूरी जांच, दवाएं और इलाज सही तरीके से चल रहे हैं और लोगों को समय पर अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के बनने से स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। इन केंद्रों के जरिए लोगों को इलाज के साथ ही बीमारी से बचाव की जानकारी और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं भी दी जा रही हैं।
आरोग्य मंदिरों में 80 प्रकार की निःशुल्क जांच
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में व्यापक और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यहां लगभग 80 प्रकार की निःशुल्क जांच, आवश्यक दवाइयों की मुफ्त उपलब्धता, उन्नत डायग्नोस्टिक सेवाएं और कैंसर स्क्रीनिंग उपलब्ध है। साथ ही, टीकाकरण सेवाएं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कक्ष, बुज़ुर्गों की देखभाल और गैर-संचारी रोगों की जांच जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इन सुविधाओं से लोगों को बड़े अस्पतालों में लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलेगी।




साइन इन