delhi bullet train delhi varanasi high speed rail corridor announced in union budget 2026 हाईस्पीड ट्रेन से रफ्तार पकड़ेगी दिल्ली, अब 3.5 घंटे में तय होगा वाराणसी तक का सफर, Ncr Hindi News - Hindustan
More

हाईस्पीड ट्रेन से रफ्तार पकड़ेगी दिल्ली, अब 3.5 घंटे में तय होगा वाराणसी तक का सफर

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026 में दिल्ली के लिए हाईस्पीड ट्रेन कॉरिडोर की घोषणा की है। सरकार देश में सात नए हाईस्पीड रेल कॉरिडोर बनाएगी जिनमें दिल्ली-वाराणसी कॉरिडोर शामिल है। 

Mon, 2 Feb 2026 12:44 AMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
हाईस्पीड ट्रेन से रफ्तार पकड़ेगी दिल्ली, अब 3.5 घंटे में तय होगा वाराणसी तक का सफर

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026 में दिल्ली के लिए हाईस्पीड ट्रेन कॉरिडोर की बड़ी घोषणा की है। सरकार देश में सात नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाएगी। इसमें दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी कॉरिडोर शामिल हैं। परियोजना के पूरा होने पर दिल्ली से वाराणसी तक का सफर हाईस्पीड ट्रेन से महज 3.5 घंटे में तय होगा।

7 हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का ऐलान

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को बजट पेश करते हुए देश में 7 हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जिन 7 हाई स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की उसमें मुंबई-पुणे, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बैंगलोर, हैदराबाद-चेन्नई, चेन्नई-बैंगलोर, दिल्ली-वाराणसी, और वाराणसी-सिलीगुड़ी रेल कॉरिडोर शामिल हैं।

आवाजाही होगी आसान

ये कॉरिडोर शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम कर देंगे और रेल, सड़क, मेट्रो, बस और हवाई नेटवर्क को जोड़कर सफर को आसान बनाएंगे। इनका काम लंबे समय तक चलना है। इसलिए इनकी सफलता लंबी अवधि चलने वाली आर्थिक मदद पर भी निर्भर करेगी।

विशेष फ्रेट कॉरिडोर का भी प्रस्ताव

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में पश्चिम बंगाल के डंकुनी से गुजरात के सूरत के बीच एक नए विशेष फ्रेट कॉरिडोर का भी प्रस्ताव रखा। वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार पर्यावरण अनुकूल मालवहन के लिए पूर्वी क्षेत्र में डंकुनी को पश्चिमी हिस्से के सूरत से जोड़ने वाला एक नया डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव रख रही है।

क्या बोले रेल मंत्री?

बजट में हाईस्पीड ट्रेन प्रोजेक्ट्स के ऐलान पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि बजट 2026-27 में बताए गए 7 हाईस्पीड रेल कॉरिडोर बहुत फायदेमंद साबित होंगे। इनसे ट्रांसपोर्ट सिस्टम में बड़ा बदलाव आएगा। वित्त मंत्री ने रेलवे के लिए 27 लाख करोड़ रुपये की मदद और कुल 29 लाख करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय का ऐलान किया है। इसमें से 12 लाख करोड़ रुपये यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुधार पर खर्च किए जाएंगे।

3.5 घंटे में तय होगा दिल्ली से वाराणसी का सफर

इसमें सबसे बड़ी घोषणा दिल्ली और वाराणसी के लिए की गई। देश के 7 हाई स्पीड रेल कॉरिडोर में दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी कॉरिडोर शामिल हैं। इनके तैयार होने के बाद दिल्ली से वाराणसी तक का सफर बेहद आसान हो जाएगा। दिल्ली से वाराणसी तक का सफर लगभग 3.5 घंटे में तय हो जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बजट 2026 में दिल्ली पुलिस को मिले कितने करोड़? मॉडल ट्रैफिक सिस्टम बनेगा
ये भी पढ़ें:दो पश्चिमी विक्षोभ आ रहे; दिल्ली में कल सर्द हवाओं का सितम, 7 फरवरी तक कैसा मौसम
ये भी पढ़ें:बुजुर्ग मां की बेरहमी से पिटाई, गाजियाबाद में नशेड़ी बेटे की खौफनाक करतूत- VIDEO

मुंबई-अहमदाबाद पर तेजी से चल रहा काम

मौजूदा वक्त में देश के पहले हाई स्पीड रेल कॉरिडोर मुंबई-अहमदाबाद पर काम चल रहा है। मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड ट्रेन प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय दो घंटे से भी कम हो जाएगा। पिछले महीने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा था कि इस बुलेट ट्रेन रेल परियोजना के पूरा होने से भारतीय अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव नजर आएगा।

(पीटीआई और हिंदुस्तान संवाददाता के इनपुट के साथ)

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।