उत्तम नगर में हुई तरुण की हत्या के मामले में सीएम रेखा गुप्ता ने दी प्रतिक्रिया; जानिए क्या बोलीं?
मुख्यमंत्री ने कहा ‘इस कठिन समय में दिल्ली सरकार पूरी संवेदना, जिम्मेदारी और दृढ़ता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। मैं परिवार को हर संभव सहायता और न्याय दिलवाने के लिए कार्रवाई करूंगी।’

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के उत्तम नगर में एक युवा की जघन्य हत्या अत्यंत दर्दनाक, निंदनीय और पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। गुप्ता ने इस घटना की निंदा करते हुए शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा 'होली के पावन पर्व पर दिल्ली के उत्तम नगर में एक मासूम युवा की जघन्य हत्या की यह घटना अत्यंत दर्दनाक, निंदनीय और पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। दिल्ली में इस प्रकार की जघन्य आपराधिक और हिंसक घटनाओं के लिए शून्य सहनशीलता की नीति है। इस तरह की दरिंदगी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।'
'ऐसी कार्रवाई करने के निर्देश, जो नजीर बने'
गुप्ता ने बताया 'प्रशासन को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए गए हैं कि इस अपराध में शामिल सभी दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोरतम और शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।' साथ ही आगे उन्होंने कहा कि 'इस मामले में सख़्त और उदाहरणात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी अमानवीय घटना करने का दुस्साहस न कर सके।'
‘मैं परिवार को हर संभव मदद और कार्रवाई करूंगी’
मुख्यमंत्री ने कहा 'इस कठिन समय में दिल्ली सरकार पूरी संवेदना, जिम्मेदारी और दृढ़ता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। मैं परिवार को हर संभव सहायता और न्याय दिलवाने के लिए कार्रवाई करूंगी। तरुण के परिवार ने अपना जवान बेटा खोया है, उनके दुःख को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें।'
आरोपियों के खिलाफ SC/ST एक्ट भी लगाया गया
बता दें कि दिल्ली के उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी के ए ब्लॉक में होली के दिन एक महिला पर रंग गिरने की वजह से शुरू हुए विवाद के बाद पड़ोस में रहने वाले मुस्लिम समुदाय के लोगों ने 26 वर्षीय तरुण को बुरी तरह पीटा था। जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव व्याप्त है और इस मामले में पुलिस ने अबतक एक नाबालिग समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में शनिवार को कई नई खुलासे किए और बताया कि जिन दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था, वे दोनों एक-दूसरे को पिछले 50 सालों से जानते हैं और उनके बीच छोटी-मोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद भी होते रहते थे। शनिवार को पुलिस ने बताया कि इस मामले में हत्या की धारा के साथ-साथ अब SC/ST एक्ट को भी FIR में जोड़ लिया गया है।




साइन इन