दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गरजे बुलडोजर, अवैध ढाबे और दुकानें तोड़ी गईं
Delhi-Mumbai Expressway : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर प्रशासन ने अतिक्रमण और अवैध ढाबों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। इसके तहत शनिवार को एक्सप्रेसवे के किनारे बने अवैध ढाबों, होटल और दुकानों पर बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया गया।

सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अतिक्रमण और अवैध ढाबों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत एक्सप्रेसवे के किनारे बने अवैध ढाबों, होटल, पंक्चर की दुकानों और निर्माणों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है।
प्रशासन का मानना है कि इन अवैध निर्माणों के कारण वाहन चालक सड़क किनारे रुकते हैं और अवैध पार्किंग होने से हादसों का खतरा बढ़ जाता है। यह अभियान गुरुवार से नूंह सदर थाना क्षेत्र से शुरू किया गया था, जिसके बाद रोजका मेव, पिनंगवां, नगीना और फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्रों तक कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया।
दो दर्जन से अधिक अवैध ढाबों और अस्थायी निर्माण हटाए
कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने कार्रवाई जारी रखी। अब तक दो दर्जन से अधिक अवैध ढाबों और अस्थायी निर्माणों को हटाया या क्षतिग्रस्त किया जा चुका है। फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में एसडीएम की मौजूदगी में विशेष अभियान चलाया गया, जहां एक्सप्रेसवे और अन्य मार्गों पर नंबर प्लेट छिपाकर चलने वाले वाहनों के चालान भी काटे गए।
केएमपी पर भी चलाया जाएगा अभियान
नूंह पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर वाहन तेज गति से चलते हैं और सड़क किनारे अवैध ढाबों व दुकानों के कारण कई बार बड़े हादसे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अवैध पार्किंग और अतिक्रमण दुर्घटनाओं की प्रमुख वजह बन रहे है। इसलिए प्रशासन सख्त कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही एसपी डॉ. अर्पित जैन के नेतृत्व में केएमपी एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर संयुक्त निरीक्षण अभियान भी चलाया जाएगा। इस दौरान सड़क किनारे बने अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई और तेज की जाएगी।
चार पुलिसकर्मियों समेत पांच लोगों की गई थी जान
गौरतलब है कि बीते 5 मई को नूहं में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर धुलावट टोल प्लाजा के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो कार में सवार उत्तर प्रदेश पुलिस के चार पुलिस कर्मियों समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से शव क्षतिग्रस्त वाहन में फंस गए थे। प्रारंभिक जांच में सड़क किनारे अवैध पार्किंग को हादसे की बड़ी वजह माना गया था। इसी के बाद प्रशासन ने दोनों एक्सप्रेसवे पर अवैध ढाबों और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि एक्सप्रेसवे किनारे अवैध रूप से बनाए गए ढांचे स्वयं हटा लें, अन्यथा आगे भी बुलडोजर कार्रवाई जारी रहेगी।




साइन इन