sohna road jam free plan in gurugram NHAI GMDA plan road widening near subhash chowk गुरुग्राम में सोहना रोड को जाम फ्री करने का प्लान तैयार, सुभाष चौक के पास होंगे ये काम, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गुरुग्राम में सोहना रोड को जाम फ्री करने का प्लान तैयार, सुभाष चौक के पास होंगे ये काम

गुरुग्राम के सोहना रोड (Sohna Road) के सुभाष चौक पर जाम का सबसे बड़ा कारण अंडरपास के ठीक बाद वाहनों का आपस में उलझना है। इसके समाधान के लिए एनएचएआई ने नई योजना तैयार की है।

Sun, 17 May 2026 06:41 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share
गुरुग्राम में सोहना रोड को जाम फ्री करने का प्लान तैयार, सुभाष चौक के पास होंगे ये काम

गुरुग्राम की सबसे व्यस्त सड़कों में शुमार सोहना रोड को जाम मुक्त करने की कवायद तेज हो गई है। एनएचएआई और जीएमडीए ने इसके लिए योजना तैयार की है। इस योजना के तहत सुभाष चौक के पास सर्विस रोड चौड़ी की जाएगी।

सोहना एलिवेटेड रोड पर बने सुभाष चौक अंडरपास के पास व्यस्त समय में समस्या गंभीर हो जाती है। सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे और शाम को 5:30 बजे से रात 8:30 बजे के बीच रोजाना वाहन चालकों को भीषण जाम में फंसना पड़ता है। दिल्ली से जयपुर और पुराना गुरुग्राम से सोहना या बादशाहपुर की तरफ जाने वाले लोग रोजाना कई किलोमीटर लंबे ट्रैफिक जाम में फंसते हैं। इस जाम के कारण हर गाड़ी औसतन 20 से 35 मिनट अतिरिक्त समय लेती है, जिससे रोजाना हजारों लीटर पेट्रोल-डीजल की भी बर्बादी हो रही है। इस समस्या को खत्म करने के लिए एनएचएआई अगले कुछ दिनों में तकनीकी सर्वे शुरू करेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के फर्स्ट फेज का काम शुरू, 3 गांवों में खरीदी जाएगी जमीन

सुभाष चौक पर जाम का सबसे बड़ा कारण अंडरपास के ठीक बाद वाहनों का आपस में उलझना है। इसके समाधान के लिए एनएचएआई ने नई योजना तैयार की है। अंडरपास से निकलने वाले वाहनों के लिए दोनों तरफ प्रवेश और निकास पॉइंट्स के बीच की दूरी को बढ़ाया जाएगा। इससे सर्विस रोड पर वाहनों का दबाव कम होगा।

सर्विस रोड दो से तीन लेन करने की योजना

वर्तमान में अंडरपास के दोनों ओर की सर्विस लेन काफी तंग हैं, जिससे अवैध पार्किंग और मुड़ने वाले वाहनों के कारण पूरी गति थम जाती है। अब इन सर्विस रोड को चौड़ा करके दो से तीन लेन करने की योजना है। सर्विस लेन चौड़ी करने के साथ-साथ पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ बनाए जाएंगे। जलभराव रोकने के लिए ड्रेनेज सिस्टम को सुधारा जाएगा ताकि बारिश में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुरुग्राम की 19 कॉलोनियों के 1137 घरोंं में नक्शे का उल्लंघन,HC को सौंपी रिपोर्ट

राजीव चौक पर इंटरचेंज बनाया जाएगा

सोहना रोड को जोड़ने वाले राजीव चौक की समस्या थोड़ी अलग है। यहां दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे ,सोहना रोड और पुराना गुरुग्राम का ट्रैफिक एक ही जगह पर आकर आपस में टकराता है। रोजाना सुबह और शाम को पीक आवर्स में जाम की स्थिति बन जाती है। जाम को खत्म करने के लिए एनएचएआई ने यहां पर इंटरचेंज बनाने की योजना तैयार की है। इंटरचेंज को कुछ इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि दिल्ली से जयपुर, सोहना या कोर्ट की तरफ जाने वाले वाहनों को एक-दूसरे के रास्ते में आए बिना अपनी लेन बदलने की आने जाने की सुविधा मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री के सामने रखी गई थी समस्या

मंगलवार को लघु सचिवालय केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। बैठक में राजीव और सुभाष चौक के जाम को लेकर चर्चा हुई थी। बैठक में एनएचएआई और जीएमडीए से जाम खत्म करने के निर्देश दिए गए थे।

योगेश तिलक, परियोजना अधिकारी, एनएचएआई, ''सुभाष चौक अंडरपास का जाम खत्म करने के लिए प्रवेश और निकास पॉइंटस की दूरी को बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा सर्विस रोड को भी चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए योजना तैयार की गई है।''

रिपोर्ट - गौरव चौधरी

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुरुग्राम के इस चौक पर 2 साल में बनेगा फ्लाईओवर, ये है रूट; 32 करोड़ आएगी लागत
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।