दिल्ली में ड्रग माफिया के ठिकानों पर गरजा बुलडोजर, अवैध निर्माण जमींदोज
पुलिस और MCD ने बाबा हरिदास नगर में ड्रग तस्करों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें जमींदोज कर दिया। ये जगहें नशे के कारोबार का मुख्य केंद्र थीं। अनीता और सावित्री जैसे अपराधियों के खिलाफ हुई इस कार्रवाई का मकसद अपराध को रोकना है।

दिल्ली के बाबा हरिदास नगर में पुलिस और MCD ने मिलकर ड्रग माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नजफगढ़ स्थित कुख्यात तस्करों के ठिकानों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण और चबूतरों को ध्वस्त कर दिया गया। ये जगहें लंबे समय से नशे के कारोबार का अड्डा थीं, जहां तस्कर खिड़कियों को 'काउंटर' की तरह इस्तेमाल कर ड्रग्स बेचते थे। आरोपियों पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई का मकसद नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करना है।
पुलिस और एमसीडी का ज्वाइंट ऑपरेशन
पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि बाबा हरिदास नगर इलाके में कुख्यात ड्रग्स तस्कर के ठिकानों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई है। पुलिस और एमसीडी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नजफगढ़ के इंद्रा मार्केट स्थित टेल मिल वाली गली और ट्रांसफॉर्मर वाली गली में अवैध रूप से बनाए गए प्लेटफॉर्म और निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में अभियान
ये अवैध निर्माण लंबे समय से नशे के कारोबार का अड्डा बने हुए थे, जहां शाम ढलते ही तस्कर इकट्ठा होकर नशीले पदार्थों की बिक्री करते थे। एसएचओ बाबा हरिदास नगर इंस्पेक्टर अजय कुमार ने एमसीडी को अवैध निर्माण की जानकारी दी थी। इसके बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया।
NDPS और आबकारी अधिनियम के कई मामले दर्ज
कार्रवाई के दौरान महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया ताकि किसी तरह के विरोध को संभाला जा सके। पुलिस के मुताबिक, जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, उनमें अनीता, सावित्री, राजेंद्र, मूर्ति और सुभाष शामिल हैं। इन सभी पर पहले से एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं।
जारी रहेगी कार्रवाई
जांच में यह भी सामने आया कि इन प्लेटफॉर्म के पास बनी खिड़कियों का इस्तेमाल ड्रग्स बेचने के लिए ‘काउंटर’ के रूप में किया जाता था। पुलिस उपायुक्त का कहना है कि इन ढांचों को तोड़कर नशे के कारोबार की जड़ पर चोट की गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
सट्टा लगाने वाले गिरोह के दो गिरफ्तार
वहीं एक अन्य मामले में आउटर जिला पुलिस ने पश्चिम विहार ईस्ट में IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 2.82 लाख रुपये, 24 एटीएम कार्ड और 12 बैंक पासबुक बरामद हुए। डीसीपी विक्रम सिंह के अनुसार, इंस्पेक्टर रीतेश राज की टीम को सूचना मिली थी, जिस पर रविवार रात फ्लैट में छापा मारा गया। मौके पर रोहित कुमार और विनय कुमार मोबाइल के जरिए सट्टा लगाते पकड़े गए। पुलिस को 24 नोटबुक भी मिलीं, जिनमें सट्टे का पूरा हिसाब दर्ज था। बैंक खातों में भारी लेनदेन की जांच जारी है।




साइन इन