दिल्ली के छतरपुर-सैदुलाजाब में खूब गरजा बुलडोजर; अवैध ढांचे किए जमींदोज
दिल्ली के छतरपुर और सैदुलाजाब में एमसीडी ने अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर बड़ी कार्रवाई की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कई व्यावसायिक संपत्तियों के अवैध हिस्सों को ढहा दिया गया। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

दिल्ली के छतरपुर और सैदुलाजाब में कथित अवैध अतिक्रमण पर एमसीडी की बुलडोजर कार्रवाई सामने आई है। एमसीडी की टीम ने 100 फुटा रोड पर बुलडोजर चलाया। इस दौरान कई अवैध ढांचे जमींदोज कर दिए गए। इस कार्रवाई के दौरान निगम की टीम और दिल्ली पुलिस की टीमें भी मौजूद रहीं।
100 फुटा रोड पर ऐक्शन
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के दक्षिण जोन के बिल्डिंग विभाग की टीम ने दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर और सैदुलाजाब इलाके में बुधवार को 100 फुटा रोड पर कई जगहों पर बने अवैध ढांचों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान निगम की टीम और दिल्ली पुलिस के जवान भी मौजूद रहे।
तीन जेसीबी ने गिराए अवैध ढांचे
हर आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें कार्रवाई के दौरान मुस्तैद रही। निगम की टीम भारी मशीनों और मजदूरों के साथ मौके पर पहुंची। तीन जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध हिस्सों को गिराया गया।
न्यूमैटिक हैमर, गैस कटर का भी इस्तेमाल
इसके अलावा न्यूमैटिक हैमर, गैस कटर और बड़े हथौड़ों का इस्तेमाल किया गया, जिन जगहों पर कार्रवाई हुई, उनमें कई भोजनालय और मिठाई के व्यवसायिक प्रतिष्ठान की संपत्तियां शामिल थी।
शिकायतों पर ऐक्शन
निगम अधिकारियों ने बताया कि इस स्थान पर अतिक्रमण और अवैध निर्माणों के खिलाफ कई शिकायतें प्राप्त हुईं। इसके बाद इन प्रतिष्ठानों एवं अवैध निर्माण व अतिक्रमण करने वालों को नियमों के तहत नोटिस दिए गए। इसके बाद बुधवार को यह कार्रवाई की गई।
जारी रहेगी सख्ती
अधिकारियों के अनुसार, बिना मंजूरी के या नियमों के खिलाफ किए गए अवैध निर्माणों पर आगे भी सख्ती जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। जिससे किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में अवैध निर्माण तेजी से बढ़ रहे थे, जिससे ट्रैफिक और सुरक्षा की समस्या भी पैदा हो रही थी।
कार्रवाई के निर्देश
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में विभिन्न जोन में सड़कों और अन्य स्थानों से अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अवैध डेयरियों के सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे को बुलडोजर से हटाने के भी निर्देश दिए हैं। निगम की कर्मचारियों की टीमें को इस संबंध में तैनात किया गया है।




साइन इन