पलवल-नूंह फोर लेन मार्ग के निर्माण की अड़चन दूर, जमीन खरीदने के लिए बजट मंजूर
पलवल और नूंह के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से अटकी पलवल-नूंह फोर लेन सड़क परियोजना अब गति पकड़ने जा रही है। निर्माण में बाधा बने पेड़ों की कटाई के बदले बड़े स्तर पर पौधरोपण की तैयारी शुरू कर दी गई है। सरकार ने जमीन खरीदने के लिए बजट को मंजूरी दे दी है।

पलवल और नूंह के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से अटकी पलवल-नूंह फोर लेन सड़क परियोजना अब गति पकड़ने जा रही है। निर्माण में बाधा बने पेड़ों की कटाई के बदले बड़े स्तर पर पौधरोपण की तैयारी शुरू कर दी गई है। सरकार ने जमीन खरीदने के लिए बजट को मंजूरी दे दी है, जिससे इस महत्वपूर्ण परियोजना की राह साफ हो गई है।
दरअसल, इस परियोजना में सबसे बड़ी रुकावट पौधरोपण के लिए जमीन की कमी थी, जिसे अब दूर करने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है। वन विभाग ने नूंह जिले में करीब 66 एकड़ जमीन की पहचान कर ली है, जहां बड़े स्तर पर पौधे लगाए जाएंगे। इस जमीन को खरीदने के लिए सरकार ने लगभग 25 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। राजस्व विभाग के माध्यम से यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी।
जमीन उपलब्ध होते ही पौधरोपण का काम तेजी से शुरू होगा, जिससे सड़क निर्माण की राह में आ रही प्रशासनिक अड़चनें खत्म हो जाएंगी। अधिकारियों का मानना है कि यह निर्णय परियोजना को समय पर पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा और वर्षों से लंबित काम अब जमीन पर उतरता नजर आएगा।
औद्योगिक क्षेत्रों को लाभ
इस चार लेन सड़क का सबसे बड़ा लाभ क्षेत्र के औद्योगिक विकास को मिलेगा। नूंह, धारुहेड़ा, भिवाड़ी और पृथला जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र इस मार्ग के जरिए एक-दूसरे के और करीब आ जाएंगे। इससे माल ढुलाई में समय और लागत दोनों की बचत होगी। वर्तमान में वाहनों को केएमपी एक्सप्रेसवे के जरिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, जिससे टोल और ईंधन का खर्च बढ़ जाता है। नए मार्ग के बनने से यह दूरी कम होगी और उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा।
137 करोड़ की परियोजना
पलवल-नूंह मार्ग को फोर लेन में बदलने की मांग पिछले कई वर्षों से उठ रही थी। फिलहाल यह सड़क दो लेन की है, जिस पर लगातार बढ़ते वाहनों का दबाव दुर्घटनाओं और जाम का कारण बन रहा है। करीब 137 करोड़ से बनने वाली इस परियोजना को पहले ही मंजूरी मिल चुकी थी, लेकिन जमीन और पौधरोपण की समस्या के कारण काम शुरू नहीं हो पा रहा था। इससे लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा था। मंडकोला गांव के ग्रामीणों ने पैदल मार्च कर दबाव बनाया था।
हजारों पेड़ों की कटाई प्रस्तावित
सूत्रों के मुताबिक चार लेन सड़क निर्माण के लिए हजारों पेड़ों की कटाई प्रस्तावित है। हालांकि, पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए वन विभाग के नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा। प्रत्येक पेड़ के बदले दस नए पौधे लगाने का प्रावधान है, जिसके तहत लाखों पौधे रोपे जाएंगे। यह पौधरोपण केवल औपचारिकता नहीं होगा, बल्कि इसके लिए उपयुक्त स्थान, सिंचाई व्यवस्था और देखरेख की योजना भी तैयार की जा रही है।




साइन इन