बिटटू बजरंगी पुलिस के सामने फूट-फूट कर रोने लगा, कहा- मुझे शादी के नाम पर ठगने वालों की गिरफ्तारी हो
गौ रक्षा बजरंग फोर्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार उर्फ बिट्टू बजरंगी ने शादी का झांसा देकर करीब एक लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। इसके लिए बजरंगी ने केशव भारद्वाज संजय एंक्लेव स्थित अपने घर से पुलिस आयुक्त कार्यालय तक मार्च निकाला।

गौ रक्षा बजरंग फोर्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार उर्फ बिट्टू बजरंगी ने शादी का झांसा देकर करीब एक लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। इसके लिए बजरंगी ने केशव भारद्वाज संजय एंक्लेव स्थित अपने घर से पुलिस आयुक्त कार्यालय तक मार्च निकाला। उसका आरोप है कि शिकायत दिए जाने के बावजूद अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस आयुक्त से मिलने से पहले वह पुलिस आयुक्त कार्यालय के सामने पुलिसकर्मियों से मुलाकात करने के दौरान फूट-फूट कर रोने लगा।
25 साल की लड़की पसंद आई थी
बिट्टू बजरंगी के अनुसार, गत वर्ष उसने कई लोगों से शादी के लिए बोला हुआ था। उसके पड़ोसी के रिश्तेदार अलीगढ़ निवासी बंटी ने उसे लड़की दिखाने के लिए कई बार अलीगढ़ बुलाया था। इस दौरान बंटी ने उसे रानी उर्फ लक्ष्मी नामक महिला से मिलवाया। रानी ने उसे कई लड़कियां दिखाईं। करीब 25 साल की लड़की उसे पसंद आई तो उसने शादी के लिए सहमति जता दी थी। गत वर्ष पांच सितंबर की रात 9:00 बजे लड़की पक्ष के छह लोग उन्हें देखने के लिए उनके संजय एंक्लेव स्थित आवास पर आए थे। गाड़ियों का किराया भी उन्होंने ही दिया था। देखने वालों में शादी करने वाली लड़की भी शामिल थी।
शादी के लिए अलीगढ़ पहुंचे थे
शादी की बात पक्की होने पर उन्होंने सात सितंबर 2025 को अलीगढ़ आने के लिए बोला। छह सितंबर को आरोपी बंटी और प्रदीप ने दुल्हन के लहंगे, मिठाई और ब्यूटी पार्लर के नाम पर 30 हजार रुपये ले लिए। सात सितंबर को जब वह शादी के लिए अलीगढ़ स्थित मंदिर पहुंचा तो वहां पर शादी की किसी तरह का कोई तैयारी नहीं थी। इससे उन्हें ठगी की आशंका हुई। ठगे जाने का पता चलने पर पीड़ित ने इस मामले की शिकायत पुलिस को दे दी थी, लेकिन तब से लेकर अब तक पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की की थी।
करीब एक लाख रुपये खर्च किए
19 फरवरी को पीड़ित ने फिर से पर्वतीया कॉलोनी पुलिस चौकी में शिकायत दी थी। पीड़ित ने पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि शादी की बात शुरू होने से लेकर शादी वाले दिन तक उसके कुल मिलाकर करीब एक लाख रुपये खर्च हो गए। आरोपियों ने न शादी कारवाई न रुपये वापस किए। 19 फरवरी को ही सारन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।
महिला के शादीशुदा होने का आरोप
पीड़ित का कहना है कि आरोपी लड़की पहले से ही शादीशुदा है। उसके दो बच्चे हैं। उसकी बड़ी बेटी की उम्र 13 साल है। उससे रुपये ठगने के लिए महिला को 25 साल की और अविवाहित बताया गया था। आरोपियों में रानी उर्फ लक्ष्मी, बंटी, प्रदीप सहित सात-आठ अन्य लोगों के नाम शामिल बताए गए हैं। पीड़ित का आरोप है कि यह एक सुनियोजित साजिश थी, जिसके तहत शादी का झांसा देकर उनसे रकम ऐंठी गई। यह एक बड़ा गिरोह है। हो सकता है कि इस तरह बाकी लोगों को भी शादी का झांसा देकर ठगा गया हो।
पैदल मार्च कर पुलिस आयुक्त कार्यालय तक पहुंचे
सोमवार को गौ रक्षा बजरंग फोर्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिट्टू बजरंगी अपने घर से पैदल चलते हुए पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह करीब एक किलोमीटर पैदल चले। इस दौरान उन्हें सीने में दर्द भी हुआ, जिसके बाद वह गाड़ी से पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया
पुलिस आयुक्त ने पीड़ित को इस मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। पीड़ित ने कहा कि इस मामले में उनकी एक ही मांग है कि पुलिस को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उन पर अपने स्वर्गीय भाई की फोटो भेजकर शादी करने का आरोप लगाया जा रहा है। यह पूरी तरह गलत है। पुलिस उसका और आरोपियों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच कर ले। उससे सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी, लेकिन पुलिस ने तो जांच ही नहीं की है।
जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि इस मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी साक्ष्य आएंगे। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




साइन इन