भंगेल एलिवेटेड रोड पर बनेंगे 4 लूप, नोएडा के कई सेक्टर और सोसाइटियों की राह होगी आसान
नोएडा में भंगेल एलिवेटेड रोड से सेवन एक्स सोसाइटी के सेक्टरों समेत अन्य जगह के लिए आवागमन की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने सेक्टर-49-107 चौराहे पर चार लूप बनाने के लिए सैंद्धांतिक मंजूरी दे दी है।

नोएडा में भंगेल एलिवेटेड रोड से सेवन एक्स सोसाइटी के सेक्टरों समेत अन्य जगह के लिए आवागमन की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने सेक्टर-49-107 चौराहे पर चार लूप बनाने के लिए सैंद्धांतिक मंजूरी दे दी है। अब इसके लिए टेंडर जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी। लोग कई सालों से लूप बनाने की मांग करते आ रहे हैं।
4.5 किलोमीटर लंबा है एलिवेटेड रोड
दादरी-सूरजपुर-छलेरा मार्ग (डीएससी रोड) पर यह एलिवेटेड रोड बना हुआ है। यह 4.5 किलोमीटर लंबा है और सेक्टर-41 आगाहपुर से फेज-2 के नाले के पास तक है। यह एलिवेटेड रोड लोगों के दबाव में 18 नवंबर 2025 को खोला गया था। इसका अब तक औपचारिक रूप से शुभारंभ भी नहीं हो सका है। अभी यह नोएडा से सीधे फेज-2 की ओर शुरू हुआ है।
लूप बनाने पर 67 करोड़ रुपये लागत आने का अनुमान
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-49-107 चौराहे पर चार लूप बनाने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी गई है। इन लूप के निर्माण में 67 करोड़ दो लाख 30 हजार रुपये की लागत का अनुमान है। ये लूप सेक्टर-41 की ओर से जाते समय सेक्टर-49 की ओर सेवन एक्स सेक्टरों की तरफ उतरने के लिए और सड़क के दूसरी तरफ से फेज-2 की ओर जाने के लिए बनेंगे। इसी तरह फेज-2 की ओर से आते समय सेक्टर-107 की तरफ उतरने और सेक्टर-41 की ओर जाने के लिए चढ़ने बनेंगे। अभी लोग दूसरे वैकल्पिक रास्तों से आते-जाते हैं। अधिकारियों ने बताया कि चारों लूप से संबंधित प्रस्ताव आईआईटी दिल्ली को भेज दिया गया है।
जून 2020 के बाद अब शुरू होगा लूप बनना
इस एलिवेटेड रोड का काम छह जून 2020 को शुरू हुआ था। निर्माण शुरू होने के साथ ही सेक्टर-49 चौराहे पर सेवन एक्स सेक्टरों के लोगों ने लूप बनाने की मांग शुरू कर दी थी। इसके बाद मार्च 2022 में दोबारा विधायक बनने के बाद अपने पहले निरीक्षण में पंकज सिंह यहां पहुंचे थे। विधायक ने मौके पर लूप बनाने की डिजाइन का प्रस्तुतिकरण अधिकारियों से देखा था। विधायक के निर्देश के बाद भी प्राधिकरण में यह प्रस्ताव ठंडे बस्ते में चला गया। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि पहले एलिवेटेड का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा था। अब यह काम हो चुका है। ऐसे में अब लूप बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
बता दें कि, डीएससी मार्ग पर बना भंगेल एलिवेटेड रोड एक बेहद अहम महत्वपूर्ण रास्ता है। इसके बनने से भंगेल के नजदीक स्थित सोसाइटियों और कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को काफी सहूलियत हुई है।




साइन इन