गाजियाबाद में फिर सुसाइड, अब ब्लैकमेलिंग से तंग आकर नाबालिग ने लगाई फांसी
गाजियाबाद के नंदग्राम थानाक्षेत्र में अश्लील वीडियो और फोटो के जरिए ब्लैकमेलिंग से तंग आकर 15 वर्षीय किशोरी ने गुरुवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

गाजियाबाद के नंदग्राम थानाक्षेत्र में अश्लील वीडियो और फोटो के जरिए ब्लैकमेलिंग से तंग आकर 15 वर्षीय किशोरी ने गुरुवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के संबंध में परिजनों ने थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले की जांच कर आगामी कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक नंदग्राम क्षेत्र में रहने वाले दंपती रोजाना की तरह गुरुवार को काम पर चले गए थे।
घर में उनकी 15 वर्षीय बड़ी और 12 वर्षीय छोटी बेटी मौजूद थीं। बेटियों ने सुबह घर का काम निपटाया और फिर छत पर चली गईं। कुछ देर बाद बड़ी बेटी नीचे कमरे में आ गई, जबकि छोटी बेटी छत पर धूप सेंकती रही। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब बड़ी बहन ऊपर नहीं लौटी, तो छोटी बहन उसे आवाज देने लगी। जवाब न मिलने पर वह नीचे आई, जहां उसने अपनी बड़ी बहन का शव कमरे में फंदे से लटका देखा। घबराई छोटी बहन ने तुरंत माता-पिता और अपने चाचा को फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन घर पहुंचे और किशोरी को फंदे से उतारकर एमएमजी अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के आरोपों ने पुलिस में हड़कंप मचाया
शुरुआत में मामला सामान्य आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन देर शाम परिजनों की ओर से दी गई शिकायत के बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला एक युवक लंबे समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। युवक ने नाबालिग के अश्लील वीडियो और फोटो बना लिए थे और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करता था। इसी डर और मानसिक प्रताड़ना के चलते किशोरी अवसाद में थी।
दो साल पहले पढ़ाई छोड़ने को मजबूर होना पड़ा
परिजनों ने आरोप लगाया है कि लड़के की हरकतों से परेशान होकर उनकी बेटी ने करीब दो साल पहले कक्षा 9 के बाद पढ़ाई तक छोड़ दी थी। बीती दो फरवरी को आरोपी युवक उनकी बेटी को ऑटो में बैठाकर अपने एक दोस्त के घर ले गया था। वहां से वह रोती-बिलखती दोपहर में घर लौटी। मां के पूछने पर बेटी ने बताया था कि आरोपी युवक उसे जबरन अपने साथ ले जाता है और विरोध करने पर वीडियो व फोटो वायरल करने की धमकी देता है।
एसीपी जियाउद्दीन अहमद ने कहा, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर सबूत जुटाए हैं। परिजनों की शिकायत में लगाए गए आरोपों की गहन जांच की जा रही है। सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी




साइन इन