दिल्ली के बड़े नाले में पशु अवशेष मिलने से फैला तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा; नमूने फोरेंसिक जांच के लिए भेजे
हालात को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने तुरंत एक क्रेन मंगवाई और उसकी मदद से नाले से अवशेषों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। इन अवशेषों को पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि यह वैज्ञानिक रूप से स्पष्ट हो सके कि ये अवशेष किस पशु के हैं।

दिल्ली के सीलमपुर इलाके में स्थित ब्रह्मपुरी पुलिया के पास एक नाले में पशु के अवशेष मिलने से तनाव की स्थिति पैदा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और गोकशी (गोवंश की हत्या) का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। इलाके की संवेदनशीलता और बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की तैनाती कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ स्थानीय लोगों ने नाले में संदिग्ध पशु अवशेष होने की पीसीआर कॉल की थी। खबर फैलते ही मौके पर हिंदू संगठनों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इलाके में लगातार गोवंश की हत्या की जा रही है और कुछ समय पहले भी यहां से ऐसे ही अवशेष बरामद हुए थे। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

अवशेषों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया
हालात को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने तुरंत एक क्रेन मंगवाई और उसकी मदद से नाले से अवशेषों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। इन अवशेषों को पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि यह वैज्ञानिक रूप से स्पष्ट हो सके कि ये अवशेष किस पशु के हैं।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं को समझाबुझाकर हटाया
मौके पर मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हंगामा कर रहे कार्यकर्ताओं से बातचीत की और उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने ठोस आश्वासन दिया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद कार्यकर्ता वहां से लौट गए। फिलहाल इलाके में शांति है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस लगातार गश्त कर रही है।




साइन इन