ai-impact-summit-bharat-mandapam-iyc-leaders-arrested-patiala-house-court-remand-row AI समिट में विरोध करने वाले 4 आरोपी कोर्ट में पेश, 5 दिन की हिरासत पर क्या बोली अदालत?, Ncr Hindi News - Hindustan
More

AI समिट में विरोध करने वाले 4 आरोपी कोर्ट में पेश, 5 दिन की हिरासत पर क्या बोली अदालत?

भारत मंडपम में एआई शिखर सम्मेलन के दौरान विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में भारतीय युवा कांग्रेस के 4 नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। इन्हें शनिवार को पटियाला हाउस अदालत में पेश किया गया। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान कृष्णा हरि और कुंदन के रूप में हुई है।

Sat, 21 Feb 2026 01:46 PMRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
AI समिट में विरोध करने वाले 4 आरोपी कोर्ट में पेश, 5 दिन की हिरासत पर क्या बोली अदालत?

भारत मंडपम में एआई शिखर सम्मेलन के दौरान विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में भारतीय युवा कांग्रेस के 4 नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। इन्हें शनिवार को पटियाला हाउस अदालत में पेश किया गया। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान कृष्णा हरि और कुंदन के रूप में हुई है।

प्रदर्शनकारियों के पक्ष में वकील क्या बोले

आरोपियों के वकील ने बताया कि आरोपी एक राजनीतिक दल से जुड़े हैं। उन्होंने भारत मंडपम में विरोध प्रदर्शन किया था। वकील ने तर्क दिया कि उन्होंने विरोध करने के अपने अधिकार का प्रयोग किया है। इसके साथ ही कहा- विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, किसी भी वीडियो में हिंसा नहीं दिखाई दी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:देश की इमेज बिगाड़ने वाला; AI समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर बोलीं मायावती

सरकारी वकील ने दिए अपने तर्क

हालांकि इसके उलट सरकारी वकील ने बताया कि आरोपियों ने राष्ट्रविरोधी नारे लगाए। उन्होंने प्रधानमंत्री के खिलाफ संदेश लिखे टी-शर्ट पहने हुए थे। दिल्ली पुलिस ने आरोपियों की पांच दिन की हिरासत मांगी है। पुलिस ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की मौजूदगी में राष्ट्रविरोधी नारे लगाए गए।

आरोपियों के वकील ने क्या सफाई दी?

आरोपियों के वकील ने कहा कि उन्हें इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि वे विपक्षी दल से हैं। उनकी बेरहमी से पिटाई की गई है और हर जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। हिरासत का कोई कारण होना चाहिए। वे युवा हैं, उनका अपना करियर है और वे राजनीतिक असहमति व्यक्त करते हैं।

अदालत ने 5 दिन की हिरासत पर क्या पूछा?

अदालत ने जांच अधिकारी से पूछा कि पांच दिन की हिरासत क्यों जरूरी है। जांच अधिकारी ने बताया कि इसमें गहरी साजिश है, अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए हैं और उचित जांच के लिए हिरासत जरूरी है। अदालत ने आरोपियों की रिमांड व जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुजरात विधानसभा में पानी की बोतल पर बवाल, कांग्रेस MLA को स्पीकर ने लगाई फटकार
ये भी पढ़ें:झारखंड में भीड़ ने मां और 2 माह के मासूम को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, क्या वजह?
ये भी पढ़ें:झारखंड में हर साल 500-700 बच्चे हो रहे लापता, BJP प्रवक्ता ने साधा निशाना

इन मामलों के तहत दर्ज हुआ केस

अधिकारी के मुताबिक, तिलक मार्ग पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें आपराधिक साजिश, लोक सेवक को चोट पहुंचाना, लोक सेवक पर हमला करना एवं कर्तव्य निर्वहन में बाधा डालना, लोक सेवक की ओर से विधिवत जारी किए गए आदेश की अवज्ञा करना, गैरकानूनी सभा और सामान्य इरादा शामिल है।

गिरफ्तारी और निगरानी में कौन-कौन हैं

सूत्रों के अनुसार, 'एआई इंपैक्ट समिट' के दौरान विरोध-प्रदर्शन के सिलसिले में आईवाईसी के सात कार्यकर्ता भी पुलिस की निगरानी में हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार से युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरि, आईवाईसी के बिहार सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय कुमार और तेलंगाना से नरसिम्हा यादव के रूप में हुई है।

अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब से भी पूछताछ कर रही है। यह पूछताछ संसद मार्ग थाने में हो रही है। उन्होंने बताया कि अन्य प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करने के लिए तलाश जारी है।

अब जानिए क्या हुआ था

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (नयी दिल्ली) देवेश महला ने कहा, “भारतीय युवा कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया जिसमें लगभग 15 लोग शामिल हुए। हॉल नंबर 5 के लॉबी क्षेत्र के अंदर, उन्होंने शर्ट के नीचे पहनी हुई छिपी टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया था।” उन्होंने कहा कि आरोपियों ने घटनास्थल पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर धक्का मुक्की भी की।

भाषा के इनपुट भी शामिल हैं।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।