यमुना सिटी में बन सकेंगे 4000 नए फ्लैट, यीडा ने 3 नए ग्रुप हाउसिंग भूखंड किए आवंटित
यमुना सिटी में तीन नए ग्रुप हाउसिंग भूखंड आवंटित किए गए हैं। इन भूखंडों पर चार हजार से अधिक फ्लैट तैयार हो सकेंगे। खास बात यह है कि यीडा ने इन भूखंडों की बोली लगाकर रिजर्व प्राइस के मुकाबले करीब 106.11 करोड़ अधिक की आमदनी की है।

यमुना सिटी में तीन नए ग्रुप हाउसिंग भूखंड आवंटित किए गए हैं। इन भूखंडों पर चार हजार से अधिक फ्लैट तैयार हो सकेंगे। खास बात यह है कि यीडा ने इन भूखंडों की बोली लगाकर रिजर्व प्राइस के मुकाबले करीब 106.11 करोड़ अधिक की आमदनी की है।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) अधिकारी बताया कि वर्ष 2025 में ग्रुप हाउसिंग भूखंड योजना शुरू की गई थी। योजना के तहत 16 भूखंडों पर आवेदन मांगे गए थे, लेकिन तीन भूखंडों पर ही दो अधिक बिड लगीं।
यीडा ने तीनों भूखंड का कितना रखा था रिजर्व प्राइस
यीडा ने सेक्टर-18 में 16188 वर्गमीटर का भूखंड मैसर्स प्रोविंस डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड को 95.48 करोड़ व मैसर्स एल्डिगो इंफ्रास्ट्रक्चर एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड को 104.70 करोड़ रुपए में आवंटित किए हैं, जबकि इन दोनों भूखंडों पर रिजर्व प्राइस 89.23 करोड़ रुपये था। इसके अलावा तीसरा 20235 वर्गमीटर का भूखंड सेक्टर-22डी में मैसर्स नॉर्थ विंड एस्टेट को आवंटित किया गया है। बिल्डर ने भूखंड को रिजर्व प्राइस 106.23 करोड़ के मुकाबले 189.09 करोड़ की बोली लगाकर अपने नाम किया है। भूखंड से 82.86 करोड़ अधिक कमाई हुई है यानी यह भूखंड आरक्षित राशि से लगभग 78 प्रतिशत अधिक रकम में बिका है। कुल मिलाकर यीडा ने 283.16 करोड़ के तीनों भूखंडों को कुल 389.27 करोड़ में बेचा है।
कुल 22 भूखंड आवंटित हुए
यमुना सिटी में कुल ग्रुप हाउसिंग भूखंडों की संख्या 22 हो गई है। वर्ष 2024 व 25 में शहर में 8 भूखंड आवंटित किए गए थे, जबकि इससे पहले 2011 में ग्रुप हाउसिंग भूखंड की योजना निकाली गई थी। हालांकि, वर्ष 2011 तक आवंटित अधिकांश परियोजनाएं अधूरी पड़ी हैं। कुछ एनसीएलटी में भी हैं, जिनमें काफी खरीदार फंसे हैं।
आरके सिंह, सीईओ यीडा, ''ग्रुप हाउसिंग के तीनों भूखंडों का आवंटन ई ऑक्शन के माध्यम से किया गया है। ज्यादा बोली लगाने वाले बिल्डरों को भूखंड आवंटित किया गया है। इनसे यीडा को 106 करोड़ से अतिरिक्त रकम प्राप्त हुई है।''
योजना में 20 फरवरी तक आवेदन का मौका
वहीं, ग्रेटर नोएडा में मेडिकल डिवाइस पार्क के लिए निकाली गई प्लांट की स्कीम को आवेदन करने की तिथि 20 फरवरी तक बढ़ा दिया गया है। इस स्कीम में 22 प्लॉट हैं। पहले इसमें 11 फरवरी तक आवेदन मांगे गए थे। यमुना सिटी के सेक्टर-28 में विकसित हो रहे मेडिकल डिवाइस पार्क में 101 से अधिक प्लाटों का आवंटन हो चुका है।
सोसाइटी में फ्लैट खरीदारों का हंगामा
नोएडा सेक्टर-78 स्थित एसोटेक विंसडर कोर्ट सोसाइटी के फ्लैट खरीदारों का लगातार दूसरे दिन भी हंगामा जारी रहा। उन्होंने रविवार के बाद सोमवार को भी प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के बाद आज बिल्डर संग बैठक होगी, जहां अधूरे पड़े परियोजना को पूरा कराने की मांग की जाएगी।




साइन इन